तिरूवनंतपुरम। सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी आईबीएस चार अग्रणी विमानन कंपनियों के लिए एक विमानन मानव प्रबंधन कार्यक्रम तैयार कर रही है। इसकी मदद से विमानन कंपनियां उच्च स्तर के प्रशिक्षित चालक दल के साथ अपने बेड़े का कम खर्च पर प्रभावी संचालन करने में सक्षम होंगी।
एयर अस्ताना, इजीजेट, मलेशियन एयरलाइंस और कतर एयरवेज ने आईबीएस के साथ आईटी प्रोग्राम का विकास करने के लिए कोर ग्रुप ऑफ इंफ्लुएंश (सीजीआई) का गठन किया है।
आईबीएस समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अध्यक्ष वीके मैथ्यूज ने गुरुवार को बताया, ‘सीजीआई उत्पादन विकास में आईबीएस द्वारा स्वीकृत एक नवीन तरीका है। मानव प्रबंधन कार्यक्रम के विकास में ऐसे प्रतिष्ठित नामों की साझेदारी से हम प्रसन्न हैं।’
विमानन कंपनियों के लिए मानव प्रबंधन बहुत महत्व रखता है। किसी भी एयरलाइंस की लागत का आमतौर पर 20 प्रतिशत हिस्सा चालक दल पर व्यय होता है।
तिरूवनंतपुरम के टेक्नोपार्क स्थित आईबीएस परिवहन, माल ढुलाई और लॉजिस्टिक उद्योग को आईटी सेवाएं प्रदान करती है।