एथेंस। ग्रीस में सब्सिडी को लेकर किसानों ने शनिवार को देश के 10 मुख्य संपर्क मार्गो को अवरूद्ध कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान किसान यूरोपीय संघ सब्सिडी और बाजार की गिरती कीमतों के बीच सरकार से और सहायता की मांग कर रहे थे। ग्रीस में पिछले दशक से ही औसत आय में कमी दर्ज की जा रही है।
सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि किसानों ने शुक्रवार को अपना प्रदर्शन शुरू किया था। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सड़कों को अवरूद्ध करने के लिए अपने ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया।
एथेंस से 90 और 120 किलोमीटर उत्तर में तथा थेसालोंकी से 70 और 140 किलोमीटर दक्षिण में सड़कों को अवरूद्ध किया गया। सड़कों के अवरूद्ध होने की वजह से वाहन चालकों को एथेंस और थेसालोंकी के बीच का सफर तय करने में तीन से चार घंटे अतिरिक्त समय लगाना पड़ा।