
|
न्यूयॉर्क। अमेरिका में बलात्कार के मामलों में दोषी साबित किए गए, भारतीय मूल के फैशन डिजाइनर आनंद जॉन एलेक्जेंडर का कहना है कि उसके कानूनी खर्चों ने उसे तोड़कर रख दिया है।
अभियोजकों ने कल इस बारे में सवाल किया कि क्या एलेक्जेंडर को न्यूयॉर्क में एक दर्जन महिलाओं के यौन शोषण के आरोपों का सामना करने के लिए अदालत द्वारा सरकारी खर्चे पर नियुक्त दो वकीलों की आवश्यकता है।
सहायक जिला अटॉर्नी मैक्सिन रोसेंथल ने उल्लेख किया कि पूर्व डिजाइनर को कैलीफोर्निया में भी ऐसे ही आरोपों का सामना करने के लिए वकीलों को भारी रकम का भुगतान करना पड़ा। उसे दोषी ठहराया गया और 59 साल के कारावास की सजा सुनाई गई।
बचाव पक्ष के वकील एडम फ्रीडमेन ने कहा कि कैलीफोर्निया मामले में एलेक्जेंडर की ’बहुत बड़ी रकम’ धन खर्च हो गई। एलेक्जेंडर को पेशेवर तौर पर आनंद जॉन के रूप में जाना जाता है। उसने दोनों मामलों में खुद को निर्दोष बताया है।
भारत में जन्मे एलेक्जेंडर ने 1999 में फैशन का क्षेत्र चुना था। उसने ’अमेरिकाज नेक्स्ट टॉप मॉडल’ नामक शो में भाग लिया और अपने खिलाफ आरोप लगने से पहले पेरिस हिल्टन जैसी हस्तियों के साथ काम किया था।