मेलबर्न। तीन दशक से अधिक समय तक अपनी बेटी का यौन शोषण करने और उसे चार बच्चों की मां बनाने वाले कुकर्मी पिता को आज 22 साल की सजा सुनायी गयी।
विक्टोरिया में एक काउंटी अदालत ने अपने फैसले में 66 वर्षीय कलयुगी पिता को 22 साल जेल में बिताने की सजा दी।
अदालत में सुनवाई के दौरान बताया गया कि अभियुक्त ने जिस वक्त अपनी बेटी का यौन शोषण शुरू किया, उस समय वह मात्र 13 साल की थी।
एएपी की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता ने कई बार सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपने यौन शोषण की शिकायत की लेकिन पुलिस को कोई शिकायत नहीं की गयी। न्यायाधीश सुसान पुलेन ने कहा कि अभियुक्त का अपराध दुर्लभतम और जघन्य की श्रेणी में आता है।
न्यायाधीश ने कहा तुम नियमित रूप से अपनी बेटी का यौन शोषण करते रहे। तुम्हारा अपराध विश्वासघात का घृणित उदाहरण है।
अभियुक्त पर 16 साल से कम उम्र की लड़की से अश्लील व्यवहार करने के दो मामले, यौन शोषण के दस मामले और सामान्य हमले का एक मामला चला था। उसे 22 साल और पांच महीने की सजा सुनायी गयी है और साथ ही कहा गया है कि पैरोल से पूर्व उसे कम से कम 18 साल की सजा पूरी करनी होगी।