नयी दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के मध्यक्रम के धुरंधर बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को कोलकाता में रविवार से दक्षिण अफ्रीका के साथ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के लिए फिट घोषित कर दिया गया है।
लक्ष्मण को बांग्लादेश में खेली गई टेस्ट श्रृंखला के दौरान अंगुली में चोट लगी थी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड की चयन समिति के प्रमुख के. श्रीकांत ने कहा, "लक्ष्मण फिट हो गए हैं निश्चित तौर पर दूसरे टेस्ट मैच में खेलेंगे।"
राहुल द्रविड़, लक्ष्मण और युवराज सिंह जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारतीय मध्यक्रम बिल्कुल कमजोर दिख रहा था। इसी का नजीता था कि भारतीय टीम यह मैच पारी और छह रन से हार गई।
मुंबई के रोहित शर्मा को लक्ष्मण के स्थानापन्न के तौर पर टीम में शामिल किया गया था लेकिन मैच के दिन सुबह के सत्र में अभ्यास के दौरान फुटबाल खेलते वक्त वह भी चोटिल हो गए थे। टीम को मजबूती देने के लिए मुरली विजय, वृद्धिमान साहा और एस. बद्रीनाथ को मौके दिए गए लेकिन वे अपनी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर सके।