
|
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को कहा कि नक्सलवाद देश के लिए सबसे बड़ा खतरा है।
नई दिल्ली में 'मुख्यमंत्रियों के साथ आंतरिक सुरक्षा पर सम्मेलन' का उद्धाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद देश के लिए सबसे बड़ा खतरा है और इसके लिए आंतरिक सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमा पर सुरक्षा और कड़ी की जाएगी।
बैठक में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नक्सलवाद को सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए उसे खत्म करने के रास्तों पर जोर देने की बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में नक्सलवाद की जड़ें बढ़ती जा रही हैं, जिसे खत्म करना बेहद जरूरी है। साथ ही सीमा पार से घुसपैठ में लगातार बढ़ोतरी पर चिंता जताते हुए मनमोहन सिंह ने सीमा पर सुरक्षा कड़ी किए जाने की बात कही। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि राज्यों में पुलिस विभाग में जवानों की तादात बेहद कम है और उनकी संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। साथ ही अलग-अलग राज्यों में खुफिया विभाग अगर तालमेल बिठाए तो कई वारदातों को रोका जा सकेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पुलिस सेवा को बेहतर बनाने की कोशिश की जानी चाहिए और इसके लिए पुलिस में ट्रेनिंग को और ज्यादा अच्छा बनाना जरूरी है। बैठक में यह खुशी भी जाहिर की गई कि पिछले 14 महीनों में कोई बड़ा आतंकवादी हमला नहीं हुआ है।