देहरादून। उत्तराखण्ड की राज्यपाल मार्ग्रेट अल्वा ने तेल एवं गैस के संरक्षण पर जोर देते हुए आज यहां कहा कि इसके लिए लोगों को अपनी जीवन शैली में सकारात्मक बदलाव लाने होंगे।
अल्वा आज भारतीय पेट्रोलियम संस्थान में आयोजित तेल एवं गैस संरक्षण पखवारा कार्यक्रम का उद्घाटन कर रही थी। उन्होंने कहा कि तेल संरक्षण के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था आवश्यक है। विशेष रूप से नगरों में अच्छी परिवहन व्यवस्था होने से लोग अपनी व्यक्तिगत गाड़ियों को सड़कों पर लाने की बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना पसंद करेंगे।
राज्यपाल ने कहा कि किसी परिवार या कम्पनी में हर व्यक्ति का अलग अलग गाड़ियों में चलना ठीक नहीं है। कई लोगों को मिलकर एक वाहन का इस्तेमाल करना चाहिये।
अल्वा ने कहा कि देश में लगभग 70 प्रतिशत तेल का आयात किया जा रहा है जिससे अच्छी खासी विदेशी मुद्रा खर्च होती है। तेल और गैस का संरक्षण करके हम देश के लिए मूल्यवान विदेशी मुद्रा की भी बचत कर सकते हैं।