Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar 2024 : मोबाइल से युवा पीढ़ी को नुकसान हुआ, राष्ट्रपति ने बच्चों को दी महत्वपूर्ण सलाह
Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar 2024: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार(Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar 2024) प्रदान करने के मौके पर चिंता जताई कि मोबाइल, लैपटॉप और टीवी में अधिक समय लगाने की वजह से आज की पीढ़ी की फिजिकल एक्टिविटी कम हो गई है, जिसकी वजह से उन्हें ऐसी बीमारियां भी घेर रही हैं, जो बच्चों और युवाओं में गौण होती थीं।
![]() राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (File photo) |
उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि उन्हें किसी एक खेल में अवश्य भाग लेना चाहिए,भले ही वह खेल को करियर के रूप में ना अपनाएं।
राष्ट्रपति ने कहा कि खेल बच्चों को स्वस्थ रखते हैं और उनमें टीम भावना भी जगाते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के खतरों के प्रति बच्चों को आगाह करते हुए कहा कि यह जागरूकता का सशक्त माध्यम होते हुए भी इसका बहुत दुरु पयोग होता है। राष्ट्रपति ने कहा कि सोशल मीडिया अफवाह फैलाने में आगे है।
उन्होंने बच्चों से कहा कि उन्हें सचेत रहना है और गलत कामों से दूर रहना है। राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार युवाओं को टेक्नोलॉजी के उपयोग में सक्षम बनाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि आजकल के युवा ‘टेक सेवी‘ हैं लेकिन टेक्नोलॉजी का भी दुरुपयोग हो रहा है और ‘डीप फेक’, फाइनेंशियल फ्रॉड और बच्चों का शोषण जैसे अपराध भी हो रहे हैं।
राष्ट्रपति ने बच्चों और युवाओं से ऐसी जीवन शैली अपनाने के लिए कहा जो पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचती हो। उन्होंने कहा कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ अपनी संस्कृति और भगवान राम (Lord Ram) के आदर्शों को भी अपनाना चाहिए। इस कार्यक्रम में महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी उपस्थित थीं।
19 बच्चों को किया सम्मानित (Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar 2024 announced)
इस बार वर्ष 2024 के प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियों के लिए 19 बच्चों को सम्मानित किया। ये 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हैं, जिनमें 10 लड़कियां और 9 लड़के हैं। वीरता की श्रेणी में पुरस्कार महाराष्ट्र के आदित्य विजय ब्रम्हणे (12) को मरणोपरांत दिया गया है। जिन्होंने नदी में डूब रहे अपने चचेरे भाइयों को बचाने के लिए अपनी जान दे दी। राष्ट्रपति से पुरस्कार उनके छोटे भाई ने ग्रहण किया।
कला और संस्कृति के क्षेत्र में कुशीनगर उत्तर प्रदेश की अनुष्का पाठक को सम्मानित किया गया है। वह 4 साल की छोटी उम्र से कथा वाचन कर रही हैं। इसी श्रेणी में दार्जिलिंग पश्चिम बंगाल के 13 वर्षीय पखावज वादक अरिजीत बनर्जी, 6 वर्षीय बिलासपुर छत्तीसगढ़ के अरमान उबरानी,बड़ोदरा गुजरात की 13 वर्षीय हेतवी, बारामुला जम्मू कश्मीर के 12 वर्षीय इशफाक हामिद, पटना बिहार के 16 वर्षीय मोहम्मद हुसैन, वारंगल तेलंगाना की 14 वर्षीय पेंडयाला लक्ष्मी को सम्मानित किया गया है।
वही नव प्रवर्तन (इनोवेशन) के लिए दिल्ली की 16 वर्षीय सुहानी चौहान को विज्ञान एवं टेक्नोलॉजी के लिए कोटा राजस्थान के 17 वर्षीय आर्यन सिंह को राष्ट्रपति ने पुरस्कार प्रदान किए।
समाज सेवा के लिए इंदौर मध्य प्रदेश के 9 वर्षीय अवनीश तिवारी, महेंद्रगढ़ हरियाणा की 9 वर्षीय गरिमा, त्रिपुरा की 16 वर्षीय ज्योत्स्ना अख्तर, असम के 15 वर्षीय संयम मजूमदार को पुरस्कार मिला।
खेल की श्रेणी में गोरखपुर उत्तर प्रदेश के 12 वर्षीय आदित्य यादव, हसन कर्नाटक की 9 वर्षीय चार्बी ए, अरु णाचल प्रदेश की 9 वर्षीय जेसिका नेई, मणिपुर की 17 वर्षीय लिन्थोई चनबम,और आंध्र प्रदेश के 9 वर्षीय आर सूर्य प्रसाद को पुरस्कार दिया गया।
| Tweet![]() |