Karnataka Election: संप्रभुता पर बयान देकर घिरी सोनिया गांधी, BJP ने की चुनाव आयोग से शिकायत

Last Updated 08 May 2023 03:15:37 PM IST

कर्नाटक विधान सभा चुनाव में चुनाव प्रचार के दौरान सोनिया गांधी के संप्रभुता वाले बयान का विरोध करते हुए भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शिकायत करने के लिए चुनाव आयोग पहुंचा है।


सोनिया गांधी (फाइल फोटो)

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में चुनाव आयोग पहुंचे भाजपा नेताओं के इस प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी और पार्टी के इलेक्शन कमेटी के इंचार्ज ओम पाठक भी शामिल हैं।

सोनिया गांधी के बयान को कर्नाटक को देश से अलग करने वाला बयान करार देते हुए भाजपा नेता चुनाव आयोग से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर सकते हैं।
आपको बता दें कि, इससे पहले रविवार को कर्नाटक में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोनिया गांधी के बयान को कर्नाटक को भारत से अलग करने वाला बयान करार देते हुए उनकी जमकर आलोचना की थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि इस चुनाव में अब कांग्रेस के शाही परिवार ने कहा है कि वो कर्नाटक की संप्रभुता की रक्षा करना चाहते हैं। कर्नाटक की संप्रभुता यानी जब कोई देश आजाद हो जाता है तो उसे संप्रभु राष्ट्र कहते हैं।

पीएम मोदी ने आरोप लगाया था कि इसका मतलब है कि कांग्रेस खुलकर कर्नाटक को भारत से अलग करने की वकालत कर रही है। टुकड़े-टुकड़े गैंग की बीमारी कांग्रेस में इतनी ऊपर तक पहुंच जाएगी, उन्होंने कभी सोचा नहीं था।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment