गुजरात व महाराष्ट्र के स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी ने दी बधाई

Last Updated 01 May 2023 11:09:02 AM IST

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस पर सोमवार को दोनों राज्यों के लोगों को शुभकामनाएं दीं।


राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट किया, ‘‘गुजरात दिवस पर सभी देशवासियों विशेषकर राज्य के सभी निवासियों को मैं हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।’’

उन्होंने कहा कि गुजरात की धरती महात्मा गांधी और सरदार पटेल जैसी महान विभूतियों की भूमि है। यहां के उद्यमी और उन्नतिशील लोगों ने देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मैं कामना करती हूं कि गुजरात सतत प्रगति पथ पर अग्रसर रहे और राज्य के निवासियों की सुख-समृद्धि में वृद्धि हो।’’

वहीं, महाराष्ट्र के स्थापना दिवस का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र स्थापना दिवस पर सभी देशवासियों विशेषकर राज्य के निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।’’

उन्होंने कहा कि संतों, वीर सेनानियों, कलाकारों और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और योगदान की अमिट छाप छोड़ने वाले लोगों की यह धरती छत्रपति शिवाजी महाराज तथा बाबासाहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर जैसी विभूतियों की जन्मभूमि और कर्मभूमि रही है।

मुर्मू ने कहा, ‘‘मैं राज्य की निरंतर प्रगति के साथ-साथ सभी महाराष्ट्रवासियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना करती हूं।’’

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस पर सोमवार को दोनों राज्यों के लोगों को बधाई देते हुए उनकी समृद्धि और प्रगति की कामना की है।

प्रधानमंत्री ने गुजरात दिवस की बधाई देते हुए ट्वीट कर कहा, गुजरात स्थापना दिवस की बधाई। गुजरात ने अपनी सर्वांगीण प्रगति के साथ-साथ अपनी अनूठी संस्कृति के कारण अपनी एक पहचान बनाई है। मैं प्रार्थना करता हूं कि आने वाले समय में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छूता रहे। उन्होंने गुजराती भाषा में भी गुजरात के लोगों को बधाई दी ।


महाराष्ट्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, महाराष्ट्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। राज्य को एक महान संस्कृति और मेहनती लोगों का आशीर्वाद प्राप्त है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय प्रगति को समृद्ध किया है। मैं आने वाले वर्षों में महाराष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना करता हूं। उन्होंने मराठी भाषा में भी महाराष्ट्र के लोगों को बधाई दी।

 

आईएएनएस/ भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment