चार हाईकोर्टों में मुख्य न्यायाधीश नियुक्त, इसी माह दो होंगे रिटायर
चार हाईकोर्टों में रविवार को मुख्य जजों की नियुक्ति की गई। इनमें से दो जज इस महीने ही सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
![]() गुजरात हाईकोर्ट की न्यायाधीश न्यायमूर्ति सोनिया गिरिधर गोकानी |
गुजरात हाईकोर्ट की न्यायाधीश न्यायमूर्ति सोनिया गिरिधर गोकानी को इसका मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। शपथ लेने के बाद वह किसी हाईकोर्ट में इकलौती महिला मुख्य न्यायाधीश होंगी। भारत में 25 हाईकोर्ट हैं।
न्यायमूर्ति सबीना हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर काम कर रही हैं। न्यायमूर्ति गोकानी 25 फरवरी को सेवानिवृत्त होंगी। वह गुजरात न्यायिक सेवा से हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पिछले सप्ताह उनके नाम की सिफारिश करते हुए कहा था, सबसे वरिष्ठ जज होने के अलावा मुख्य न्यायाधीश के तौर पर न्यायमूर्ति गोकानी की नियुक्ति से समावेशन और मुख्य न्यायाधीश के पद पर सेवाओं से लिए गए न्यायाधीशों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होगा।
शुक्रवार को न्यायमूर्ति गोकानी को गुजरात हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था जबकि इसके मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अर¨वद कुमार को पदोन्नति देकर सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त कर दिया गया।
ओडिशा हाईकोर्ट के सबसे वरिष्ठ जज न्यायमूर्ति जसवंत सिंह को त्रिपुरा हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। वह 22 फरवरी को सेवानिवृत्त होंगे। जस्टिस इंद्रजीत महंती के सेवानिवृत्त होने के बाद त्रिपुरा हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश का पद कुछ समय से खाली पड़ा था।
सुप्रीम कोर्ट के जज 65 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होते हैं जबकि हाईकोर्ट के जज 62 साल की आयु में सेवानिवृत्त होते हैं। राजस्थान हाईकोर्ट के जज न्यायमूर्ति संदीप मेहता को गौहाटी हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। गौहाटी हाईकोर्ट के जज न्यायमूर्ति एन कोटिर सिंह को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
| Tweet![]() |