जन्माष्टमी पर दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Last Updated 19 Aug 2022 11:34:30 PM IST

जन्माष्टमी पर शुक्रवार को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दिल्ली में बड़ी संख्या में लोग मंदिरों के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।


यहां भक्तों के लिए शहर में कई मंदिर परिसरों के बाहर तंबू लगाए गए और कालीन बिछाई गई। इन मंदिरों के बाहर माला और मिठाई बेचने वाले स्टॉल पर भी लोगों की भारी भीड़ दिखी। हालांकि, कई लोग बिना मास्क लगाए दिखे।

25 वर्षीय कृतिमा ने कहा, ‘‘आज हमारे लिए एक बड़ा दिन है। मैं भगवान कृष्ण की एक उत्साही अनुयायी हूं। आज हर मंदिर को सजाया गया है। सुबह मैं इस्कॉन मंदिर गयी । वहां की आभा अलग थी।’’

मंदिरों से लोगों ने अपने परिवार के लिए भी 'प्रसाद' लिया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के मंदिरों में हजारों लोग पहुंचे जिससे पूजा-अर्चना के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
 रंग-बिरंगे परिधानों में बच्चों ने सांस्कृतिक और धार्मिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि पूरे क्षेत्र के मंदिरों में कृष्ण भजन और प्रवचन आयोजित किए गए। कुरुक्षेत्र में गुरुवार शाम से ही मंदिरों में लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी।

बिड़ला मंदिर के पुजारी सुरेश चंदर शर्मा ने कहा कि सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर आने लगे।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment