यूपी-एमपी और दिल्ली समेत इन राज्यों में आज भी पड़ेगी भीषण गर्मी, 42 शहरों में तापमान 44 के पार
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्य इन दिनों भीषण हीटवेव से जूझ रहे हैं। दिल्ली के कुछ हिस्सों, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिम राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में गुरूवार को भी लू का सामना करना पड़ेगा
![]() |
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकतर भागों में बुधवार को भी लू का प्रकोप जारी रहा। वहीं, राजस्थान के गंगानगर और महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और मध्य प्रदेश में गुरूवार को भी लू का सामना करना पड़ेगा जबकि ओडिशा में शुक्रवार तक लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है।
विभाग के मुताबिक, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के कम से कम 42 शहरों और कस्बों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया.
दिल्ली में गुरूवार की सुबह बेहद गर्म रही और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच, मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में दिन के समय भीषण गर्मी के साथ लू चलने की आशंका जताई है।
मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली के लोगों को सप्ताहांत में लू से राहत मिलने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, “दिल्ली में बृहस्पतिवार को लू चलने का अनुमान है। दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।”
आईएमडी के अनुसार, मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक या सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होने पर गर्म हवाओं को ‘लू’ घोषित किया जाता है। सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक तापमान होने पर ‘भीषण लू’ की घोषणा की जाती है।
दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग ने कहा कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 33 प्रतिशत दर्ज की गयी।
| Tweet![]() |