पाक को संदेश : जैसा आएगा सवाल वैसा देंगे जवाब

Last Updated 15 Oct 2021 01:29:55 AM IST

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत अब किसी भी तरह की आतंकी गतिविधियों के खिलाफ मुंहतोड़ जवाब दे रहा है।


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

कश्मीर घाटी में पिछले दिनों निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने ढेर कर दिया है। उन्होंने कहा कि एक वह युग था जब बातों से बात होती थी और फिर एक युग आया कि जैसा सामने से सवाल आएगा, वैसा ही जवाब दिया जाएगा।

गोवा में राष्ट्रीय फॉरेन्सिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) की आधारशिला रखने के बाद शाह ने कहा कि भारत अब आतंकवादियों की हर गतिविधियों के खिलाफ मुंहतोड़ जवाब दे रहा है।

गृह मंत्री ने साल 2016 में भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक का भी जिक्र किया, जब भारतीय सेना के जवानों ने सीमा पार से हुए श्रृंखलाबद्ध आतंकी हमलों पर जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी क्षेत्र में घुसकर हमलावरों को ढेर किया था।

सर्जिकल स्ट्राइक से दुनियाभर को संदेश मिला कि भारतीय सीमाओं के साथ कोई भी छेड़खानी नहीं कर सकता। केंद्र में पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार पर तंज कसते हुए गृह मंत्री ने कहा कि पहले जब आतंकी सीमाओं का उल्लंघन कर देश में अशांति फैलाते थे, तब दिल्ली में सत्तारूढ़ सरकार कुछ नहीं किया करती थी।

हालांकि, भाजपा के सत्ता में आने के बाद जम्मू और कश्मीर के ऊरी में आतंकियों के हमला करने के बाद भारतीय सेना ने 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकवादियों को कड़ा सबक सिखाया था। पाकिस्तान का नाम लिए बिना शाह ने कहा कि पहले सिर्फ वार्ताएं हुआ करती थीं, लेकिन अब भारत उसी लहजे में जवाब देने लगा है।

वार्ता
पणजी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment