टांडा रेप केस : कांग्रेस की चुप्पी पर वित्तमंत्री ने उठाए सवाल, पूछा- अब राहुल-प्रियंका चुप क्यों हैं?

Last Updated 24 Oct 2020 03:53:41 PM IST

भाजपा ने शनिवार को पंजाब के होशियारपुर में एक नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या मामले में कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला है। पीड़िता का संबंध बिहार से होने की वजह से यह मामला महत्वपूर्ण हो गया है।


टांडा रेप केस: राहुल-प्रियंका की चुप्पी पर निर्मला ने उठाए सवाल

बिहार में इस महीने की 28 तारीख को विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान होने हैं। भाजपा ने इस मामले में केंद्रीय कैबिनेट की अपनी वरिष्ठ महिला सदस्य निर्मला सीतारमण को आगे कर दिया है, जिन्होंने कहा, "मैं यहां ऐसे मुद्दे पर बात रखने आई हूं, जिसने यहां सबका दिमाग डिस्टर्ब कर दिया है। होशियारपुर में दुष्कर्म और बिहार के प्रवासी मजदूर की 6 वर्षीया बेटी के मामले में कांग्रेस पार्टी की पूरी तरह से चुप्प है। दलित के साथ दुष्कर्म हुआ है और उसे मार डाला गया, शव को आधा जला दिया गया। और इस घटना से भाई-बहन की जोड़ी का दिल नहीं दहला, जो हर उन चुनी हुई जगहों पर जाते हैं, जहां उन्हें लगता है कि वे राजनीतिक रूप से मदद कर सकते हैं।"

सीतारमण राहुल और प्रियंका गांधी के उत्तर प्रदेश के हाथरस में पीड़िता के परिवार से मिलने का हवाला दे रही थीं, जहां एक दलित लड़की के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया।

सीतारमण ने हालांकि जोर देकर कहा कि दुष्कर्म की घटनाओं का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन उन्होंने भाई-बहन की जोड़ी पर घटना को चुनने और उसके प्रति उत्सुकता दिखाने पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि क्यों नहीं दोनों पंजाब के होशियारपुर और राजस्थान गए, जहां कांग्रेस सत्ता में है।

सीतारमण ने इस मामले में राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव को भी घेरा और मामले में उनकी चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस के साथ उनके संयुक्त कैंपेन का हवाला देते हुए कहा कि क्या आप बिहार में इस परिवार के प्रति जवाबदेह नहीं हैं।

जावडेकर-राहुल गांधी क्यों नहीं गए?

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा है कि पॉलिटिकल टूर करने की जगह राहुल गांधी को टांडा जाना चाहिए, जहां बिहार की छह साल की बेटी के साथ इतनी बड़ी घटना हुई।

केंद्रीय मंत्री ने अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताते हुए पंजाब की कांग्रेस सरकार के रवैये पर सवाल उठाए हैं। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा, "पंजाब के टांडा गांव में बिहार के दलित प्रवासी मजदूर की छह वर्ष की बेटी को दुष्कर्म के बाद मार दिया गया। इस दर्दनाक और शर्मसार करने वाली घटना में अभी तक अपराधी पकड़े नहीं गए हैं। हम पंजाब सरकार से अपराधियों को पकड़ने और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं।"

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने पंजाब शासित राजस्थान और पंजाब में बेटियों के साथ दरिंदगी की घटनाओं पर चुप्पी साधने को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, "राहुल गांधी पॉलिटिकल टूर पर जाते हैं, इसके बजाय उन्हें टांडा में जाना चाहिए। राजस्थान में जाना चाहिए। जहां उनकी सरकारें हैं, वहां महिलाओं के साथ कैसे अन्याय और दुष्कर्म हो रहा है, यह वो नहीं देखते। बच्ची के साथ हुई इस घटना पर न राहुल, प्रियंका गए न कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कोई टिप्पणी नहीं की।"

 

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment