बहादुर जांबाजों को 84 वीरता पुरस्कारों से नवाजा गया

Last Updated 14 Aug 2020 11:52:15 PM IST

राष्ट्रपति और भारत के सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर राम नाथ कोविंद ने 74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सशस्त्र बलों के कर्मियों और अर्धसैनिक बलों के सदस्यों को 84 पुरस्कारों की मंजूरी दी है।


राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद

इस साल के पुरस्कारों में केवल एक ही कीर्ति चक्र शामिल है, जो अब्दुल रशीद कालस को मरणोपरांत दिया गया है। अब्दुल रशीद जम्मू-कश्मीर में हेड कांस्टेबल के पद पर थे।

वीरता दिखाने वाले जांबाजों को नौ शौर्य चक्र से भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें से तीन भारतीय सेना, एक भारतीय वायुसेना और शेष पांच केंद्रीय गृह मंत्रालय में अंतर्गत प्रदान किए जाएंगे।

सेना को मिलने वाले पुरस्कारों में एक पैराशूट रेजिमेंट (स्पेशल फोर्सेस) की पहली बटालियन, एक मराठा लाइट इन्फैंट्री की चौथी बटालियन और एक पुरस्कार राजपूत रेजिमेंट की 44वीं बटालियन राष्ट्रीय राइफल्स को मिलने जा रहा है।

भारतीय वायुसेना को मिलना वाला एक शौर्य चक्र विंग कमांडर विशाख नायर के लिए है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास गए पांच शौर्य चक्रों में से केवल एक को मरणोपरांत दिया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के उप महानिरीक्षक अमित कुमार को यह सम्मान दिया गया है।

पांच सैन्यकर्मियों को वीरता के लिए दूसरी बार सेना पदक, 60 को सेना पदक (वीरता), चार को नौसेना पदक (वीरता) और पांच को वायुसेना पदक (वीरता) के लिए चुना गया है।

राष्ट्रपति कोविंद ने विभिन्न सैन्य अभियानों में उल्लेखनीय योगदान के लिए 19 सैन्यकर्मियों को मेंशन-इन-डिस्पैच दिए जाने की भी मंजूरी दी है। इनमें से आठ को ऑपरेशन मेघदूत और ऑपरेशन रक्षक के लिए मरणोपरांत दिया गया है।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment