केंद्रीय मंत्री नकवी ने कहा- 'लोकल से ग्लोबल' थीम पर फिर शुरू होगा 'हुनर हाट'

Last Updated 23 May 2020 12:30:42 PM IST

केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ‘हुनर हाट’ 25 सिंतबर से फिर से खुलेंगे।


मुख्तार अब्बास नकवी (फाइल फोटो)

नकवी ने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी के कारण हुनर हाट पिछले पांच माह से बंद हैं और इन्हें 25 सितंबर से फिर से खोला जायेगा।

उन्होंने कहा कि इस बार हुनर हाट की थीम ‘लोकल से ग्लोबल’ रहेगी जिसका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया था। मोदी ने 13 मई को राष्ट्र के नाम संबोधन में देश की अर्थव्यवस्था पर जोर देते हुआ एक विशेष ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ का ऐलान किया था।

उन्होंने स्वदेशी सामानों और स्थानीय उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए ‘लोकल , ग्लोबल और वोकल’ जैसे मंत्र भी दिये थे। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा था कि आज हर देशवासी को अपने ‘लोकल’ के लिए ‘वोकल’ बनना होगा। उन्होंने कहा इस मुश्किल घड़ी में स्थानीय चीजों ने ही हमें सहारा दिया है। इतना ही नहीं उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि वे न सिर्फ स्थानीय उत्पाद खरीदें बल्कि उनका प्रचार भी करें। मोदी ने इस संदर्भ में उनके पहले के आह्वान से खादी उत्पादों की मांग में जोरदार बढोतरी का भी उल्लेख किया था।

उधर कोरोना संकट के दौरान खादी मास्कों की मांग में तेजी आई है। अब तक आठ लाख से ज्यादा मास्क बनाने के आर्डर मिले हैं जबकि लॉकडाउन के दौरान छह लाख मास्क की देश भर में आपूर्ति की गयी है और 7.5 लाख मास्क जिला प्रशासन को बांटे जा चुके हैं। मास्क की आपूर्ति के लिए राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय, केन्द्रीय मंत्रालयों, जम्मू कश्मीर सरकार और आम लोगों से मिले भी आर्डर शामिल हैं।

खादी ग्रामोद्योग आयोग के अनुसार दुबई, माॅरीशस, अमेरिका, यूरोप के कई देशों को मास्क निर्यात किए जाएंगे। खादी के मास्क कई रंगों में होंगे।

वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment