जम्मू कश्मीर के लोगों की समस्याओं को सुनना चाहता है केंद्र : नकवी
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को कहा कि जम्मू कश्मीर में केंद्र के जनसंपर्क कार्यक्रम का उद्देश्य यहां के लोगों की समस्याओं के बारे में उन्हीं से जानना और फिर उनका समाधान करना है।
![]() केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी |
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस संवाद का उद्देश्य लोगों के करीब जाना, उनकी समस्याएं एवं जरूरतें सुनना और उनकी समस्याओं का हल करने में सहयोग करना है।’’
शहर के बाहरी इलाके हारवां में एक विकास परियोजना की आधारशिला रखने वाले नकवी केंद्र के संपर्क कार्यक्रम के तहत कश्मीर की यात्रा करने वाले पहले केंद्रीय मंत्री हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह सुनिश्चित करने को इच्छुक हैं कि केंद्र सरकार के सकारात्मक बदलावों के फायदे जम्मू कश्मीर के लोगों तक पहुंचे।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों की आकांक्षाएं और उम्मीदें पूरी नहीं हुईं और भ्रष्टाचार ने जम्मू कश्मीर की हालत बिगाड़ दी। कुछ लोगों ने अपने को फायदा पहुंचाया लेकिन हम सभी की समृद्धि चाहते हैं।’’
जब उनसे यह पूछा गया कि जम्मू में 31 मंत्री भेजे जा रहे हैं जबकि कश्मीर में पांच ही, ऐसा क्यों, तो उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम तो महज शुरुआत है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह आखिरी कार्यक्रम नहीं है। यह पहल जारी रहेगी।’’
उससे पहले एक जनसभा को संबोधित करते हुए नकवी ने कहा कि सरकार जम्मू कश्मीर में विकास का और सरकारी मशीनरी के कामकाज की जवाबदेही का नया सवेरा चाहती है। उन्होंने कहा कि मंगलवार का कार्यक्रम इस क्षेत्र में विकास में लोगों की रुचि को परिलक्षित करता है।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों के लिए विकास योजनाओं के फायदे उठाने का समय है। जम्मू कश्मीर भारत की विकास गाथा का हिस्सा होना चाहिए। हमारी सरकार जम्मू कश्मीर के लोगों को किसी भी विकास कार्यक्रम के पहले लाभार्थी के रूप में देखना चाहती है।’’
इस साल हज कोटे के बारे में नकवी ने कहा कि उनका मंत्रालय हज पर जाने को इच्छुक जम्मू कश्मीर के सभी लोगों को समायोजित करने का प्रयास करेगा।
| Tweet![]() |