ठिठुरन से नहीं मिली राहत, लोग रहे बेहाल

Last Updated 30 Dec 2019 07:48:19 AM IST

उत्तर भारत में रविवार को भी ठंड का प्रकोप बना रहा। पिछले 22 साल में सबसे अधिक सर्द दिनों का दीदार करने वाली दिल्ली को सोमवार को हवाओं की दिशा में बदलाव के बाद से शीत लहर से राहत मिलने के आसार हैं।


ठिठुरन से नहीं मिली राहत

राजधानी दिल्ली में 14 दिसम्बर से कड़कड़ाती ठंड का प्रकोप जारी था और रविवार को सुबह शहर का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के सामान्य तापमान से चार डिग्री सेल्सियस कम है। दिल्ली के अनेक हिस्सों में अलग-अलग न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। आयानगर में 2.5 , लोधी रोड में 2.8, पालम में 3.2 और सफदरजंग में 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पालम में सुबह घने कोहरे के साथ दृश्यता कम होकर 150 मीटर रह गई। सफदरजंग में हल्के कोहरे के साथ दृश्यता 600 मीटर थी। दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक जनवरी से तीन जनवरी तक रात में हल्की बारिश की संभावना है और दो जनवरी को ओले भी पड़ सकते हैं। कोहरे के कारण राजधानी में 13 ट्रेनें छह घंटे से अधिक की देरी से चलीं। हरियाणा में जहां अधिकारियों ने स्कूल बंद करने का फैसला किया, वहीं घने कोहरे की वजह से ट्रेन यातायात बुरी तरह प्रभावित रही। श्रीनगर में इस मौसम की सबसे सर्द रात रही। जयपुर में 1964 के बाद सबसे न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में भी शीतलहर का प्रकोप रहा। आगरा में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा में कुछ स्थानों पर तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास है और राज्य सरकार ने 30 तथा 31 दिसंबर को स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में अगले कुछ दिन ठंड का प्रकोप बना रह सकता है। श्रीनगर की मशहूर डल झील के कई हिस्से बर्फ में तब्दील हो गए और रात में श्रीनगर का तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। हिमाचल प्रदेश के मनाली, सोलन, सुंदरनगर और कालपा में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

उप्र में 29 और की मौत
 (एसएनबी)। राज्य के अलग- अलग इलाकों में ठंड के कारण 29 और लोगों की मृत्यु की सूचना है। इनमें कानपुर में 15, रायबरेली व प्रयागराज में तीन-तीन, महोबा, बांदा व हमीरपुर में दो-दो तथा बाराबंकी व प्रतापगढ़ में एक- एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना है।  हालांकि, सरकार की ओर से ठंड लगने से किसी भी व्यक्ति के मरने की पुष्टि नहीं हुई है।

सहारा न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
नई दिल्ली/लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment