महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव का ऐलान, 21 अक्टूबर को डाले जाएंगे वोट

Last Updated 21 Sep 2019 09:51:55 AM IST

महाराष्ट्र, हरियाणा में विधानसभा चुनाव 21 अक्टूबर को होंगे और मतों की गणना 24 अक्टूबर को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने शनिवार को प्रेस वार्ता में यह घोषणा की।


मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा

हरियाणा में 90 सीटों के लिए और महाराष्ट्र में 288 सीटों के लिए चुनाव कराये जायेंगे। चुनाव के लिए अधिसूचना 27 सितम्बर को जारी होगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही दोनों राज्यों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गयी।

दोनों राज्यों में नामांकन भरने की अंतिम तिथि चार अक्टूबर है और सात अक्टूबर तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। मतदान 21 अक्टूबर को होंगे और 24 अक्टूबर को मतगणना होगी। चुनाव प्रक्रिया 27 अक्टूबर तक पूरी कर ली जायेगी।

हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल दो नवम्बर को और महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल नौ नवम्बर को समाप्त हो रहा है।

चुनाव आयोग ने चुनाव प्रचार के दौरान प्लास्टिक की सामग्री का उपयोग नहीं करने और पर्यावरण अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल करने का अनुरोध किया है।

हरियाणा में एक करोड़ 82 लाख और महाराष्ट्र में आठ करोड़ 94 लाख मतदाता हैं। सभी चुनाव इलेक्ट्रनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से कराये जायेंगे।

अरोड़ा ने कहा कि शंतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए दोनों राज्यों में केन्द्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया जायेगा और चुनाव खर्च पर नजर रखने और अन्य मामलों के लिए चुनाव पर्यवेक्षकों को तैनात किया जायेगा।

चुनाव आयोग ने प्रत्याशियों के लिए चुनाव खर्च की सीमा 28 लाख रुपये निर्धारित की है। चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श चुनाव आचार संहिता पर कड़ी नजर रखी जायेगी और इसका उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जायेगी।

दोनों राज्यों में विभिन्न राजनीतिक दलों ने चुनाव की तैयारी पहले ही शुरू कर दी थी। इन दोनों राज्यों में कुछ राजनीतिक दल आपसी तालमेल से चुनाव लड़ेंगे।  

 

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment