दिल्ली ने नम आंखों से दी शीला दीक्षित को अंतिम विदाई

Last Updated 21 Jul 2019 05:45:13 PM IST

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का पूरे राजकीय सम्मान के साथ रविवार को निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।


कांग्रेस मुख्यालय में शीला दीक्षित को अंतिम विदाई देतीं सोनिया गांधी।

संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस के शीर्ष स्तर के नेता पूर्व मुख्यमंत्री के अंतिम संस्कार में मौजूद थे। इनके अलावा केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मंत्री सत्येंद्र जैन भी दीक्षित के अंतिम संस्कार में मौजूद थे। मूसलाधार बारिश की परवाह नहीं करते हुए बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता वहां मौजूद थे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज दीक्षित को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उनके आवास पर पहुंचे। दीक्षित के पार्थिव शरीर को कांग्रेस मुख्यालय ले जाया गया, जहां मनमोहन सिंह, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कमलनाथ समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पार्थिव देह को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यालय ले जाया गया।

वह निधन से पहले तक प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष रहीं। मित्रों और प्रशंसकों ने राष्ट्रीय राजधानी की मुख्यमंत्री के तौर पर 15 साल के उनके कार्यकाल के दौरान उनसे जुड़ी बातों को याद किया। गौरतलब है कि तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं और राजधानी को आधुनिक रूप देने वाली वरिष्ठ कांग्रेस नेता का दिल का दौरा पड़ने के बाद यहां एक निजी अस्पताल में शनिवार दोपहर निधन हो गया था।  
 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment