राहुल ने मनाया 49वां जन्मदिन, मोदी ने दी बधाई

Last Updated 19 Jun 2019 07:13:22 PM IST

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को 49 वर्ष के हो गए और इस अवसर पर कांग्रेस ने जश्न मनाया। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जन्मदिन की बधाई दी।


कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल समेत कई पार्टी समर्थक राहुल गांधी से मिलने और उन्हें बधाई देने के लिए अकबर रोड स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे।

लोकसभा चुनावों में राहुल गांधी के साथ तीखे शब्दों की लड़ाई करने वाले मोदी ने ट्वीट किया, "जन्मदिन के अवसर पर राहुल गांधी को शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें अच्छा स्वास्थ्य और दीघार्यु प्रदान करे।"

उन्हें प्रतिक्रिया देते हुए राहुल ने गर्मजोशी से लिखा, "नरेंद्र मोदी जी आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं उनका सम्मान करता हूं।"

इस दौरान कांग्रेस के अकबर रोड स्थित मुख्यालय पर सुबह जश्न का माहौल था, वहां पार्टी समर्थक ढोल की धुनों पर नाच रहे थे।

ऐसा ही माहौल उनकी मां और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अध्यक्ष सोनिया गांधी के 10 जनपथ मार्ग स्थित आवास पर था जहां युवा कांग्रेस सदस्य जश्न मना रहे थे।

राहुल गांधी मिठाई के एक डब्बे के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया कर्मियों को मिठाई बांटी।

इसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ केक काटा।

राहुल गांधी की बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, गुलाम नबी आजाद और अन्य नेताओं ने पार्टी मुख्यालय पर राहुल गांधी को बधाई दी।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, "मैं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई देता हूं।"

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया, "हर प्रतिकूल परिस्थिति में आपका अदम्य साहस, हर हमले के सामने सिद्धांतों के प्रति आपकी अमिट प्रतिबद्धता, धूर्तता को गुण माने जाने के दौर में आपकी सादगी और स्पष्टवादिता आपको सबसे अलग करती है। जन्मदिन की शुभकामनाएं राहुल गांधी।"

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, "मेरे जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं देने के लिए आप सभी का धन्यवाद। आपके स्नेह और प्रेम से मैं अभिभूत हूं।"



राहुल हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनावों में वायनाड सीट से निर्वाचित हुए है। हालांकि वे अमेठी सीट पर हार गए थे। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों में महज 52 सीटें जीती थीं जिसके बाद राहुल गांधी ने पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment