पाकिस्तान पर कड़ी आर्थिक कार्रवाई : पाक के सामान पर 200% कस्टम डय़ूटी

Last Updated 17 Feb 2019 06:24:06 AM IST

पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ आर्थिक मोर्चे पर कड़ी कार्रवाई करते हुए वहां से आयातित होने वाले सभी सामानों पर सीमाशुल्क तत्काल प्रभाव से बढ़ाकर 200 फीसद कर दिया।


वित्त मंत्री अरुण जेटली (file photo)

सीमाशुल्क बढ़ने से पाकिस्तान से भारत को किया जाने वाले निर्यात पर काफी बुरा असर पड़ेगा। वर्ष 2017-18 में पाकिस्तान से भारत को 3,482.3 करोड़ रुपए यानी 48.85 करोड़ डॉलर का निर्यात किया गया था।

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने ट्वीट कर कहा, पुलवामा की घटना के बाद भारत ने पाकिस्तान से व्यापार के लिहाज से सबसे तरजीही देश का दर्जा वापस ले लिया है। इसके बाद पाकिस्तान से भारत में आयात किए जाने वाले सभी तरह के सामान पर सीमाशुल्क तत्काल प्रभाव से बढ़ाकर 200 फीसद कर दिया गया है। पाकिस्तान प्रमुख तौर पर भारत को ताजे फल, सीमेंट, बड़े पैमाने पर खनिज एवं अयस्क और तैयार चमड़ा उत्पाद निर्यात करता है। इसमें भी पाकिस्तान से सबसे ज्यादा ताजे फलों और सीमेंट का आयात होता है। इस पर मौजूदा सीमाशुल्क की दर क्रमश: 30 से 50 फीसद और साढ़े सात फीसद है। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान से आयात पर शुल्क 200 फीसद करने का सीधा सा मतलब पाकिस्तान से आयात बंद होने के समान है। भारत कुछ पाकिस्तानी सामानों पर व्यापार प्रतिबंध लगा सकता है और पाकिस्तानी सामानों पर बंदरगाह संबंधी प्रतिबंध भी लगा सकता है।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment