तीन साल में तैयार हो जाएंगे 13 विश्वविद्यालय

Last Updated 17 Jan 2019 05:06:44 AM IST

अगले तीन वर्षो में देश के 12 राज्यों में 13 केन्द्रीय विश्वविद्यालय बनकर तैयार हो जाएंगे। इन विश्वविद्यालयों पर कुल 3639 करोड़ की लागत आएगी। मंत्रिमंडल ने इन विश्वविद्यालयों की संशोधित लागत को मंजूरी दे दी है।


तीन साल में तैयार हो जाएंगे 13 विश्वविद्यालय

केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने काफी पहले ही देश के 12 राज्यों बिहार, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर , झारखंड, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान और तमिलनाडु में 13 नए केंद्रीय विश्वविद्यालयों की स्थापना का एलान किया था। केंद्रीय विश्वविद्यालय अधिनियम 2009 के अंतर्गत स्थापित किए जाने वाले इन 13 विश्वविद्यालयों में जम्मू-कश्मीर में दो केन्द्रीय विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएंगे जबकि बाकी उक्त राज्यों में एक एक केन्द्रीय विश्वविद्यालय स्थापित होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आज हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इन 13 नए केंद्रीय विश्वविद्यालयों हेतु संशोधित लागत और परिसरों के लिए आवश्यक बुनियादी ढ़ांचे के सृजन पर होने वाले खर्च के लिए 3639.32 करोड़ रुपए की राशि को मंजूरी दे दी। यह कार्य 36 महीने की अवधि के भीतर पूरा किया जाएगा। मंत्रिमंडल ने इन केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए मंत्रिमंडल द्वारा पहले स्वीकृत की गई 3000 करोड़ रुपए की राशि के अतिरिक्त खर्च की जा रही 1474.65 करोड़ रुपए की राशि को भी मंजूरी दे दी है।

मंत्रिमंडल की इस मंजूरी के बाद जिन 13 केन्द्रीय विश्वविद्यालयों की स्थापना पर काम शुरु होगा उनमें दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया, बिहार, हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, महेन्द्रगढ़, जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय, जम्मू, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय, रांची, कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर, कर्नाटक केंद्रीय विश्वविद्यालय, गुलबर्गा, केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय, कासरगोड, ओडिशा केंद्रीय विश्वविद्यालय, कोरापुट, पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, भटिंडा, राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय, बांदरा सिंदरी, राजस्थान, तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय, तिरूवरूर, गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय, गुजरात एवं  हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय शामिल हैं।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment