रथयात्रा पर अनिश्चितता, भाजपा ने बुलाई आपात बैठक

Last Updated 07 Dec 2018 01:19:10 PM IST

पश्चिम बंगाल में भाजपा के रथयात्रा कार्यक्रम पर अनिश्चितता की स्थिति के बाद पार्टी ने आगे की रणनीति तय करने के लिए शुक्रवार को यहां आपात बैठक बुलाई।


(फाइल फोटो)

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने गुरुवार को भाजपा को कूचबिहार में रथयात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी थी। इससे पहले पश्चिम बंगाल सरकार ने इसकी अनुमति देने से इनकार करते हुए कहा था कि इससे सांप्रदायिक तनाव फैल सकता है।     

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का शुक्रवार को यहां से रथयात्रा को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम था। पार्टी ने शाह की प्रस्तावित रैली और रथयात्रा पर रोक लगाने का फैसला किया है। भाजपा ने कहा कि वह उच्च न्यायालय के अंतिम आदेश का इंतजार करेगी। उच्च न्यायालय ने दोपहर 12:30 बजे भाजपा की अपील पर सुनवाई करने को कहा था।         

सुबह 10:30 बजे शुरू हुई आपात बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के साथ अरविंद मेनन, शिव प्रकाश, दिलीप घोष और मुकुल रॉय जैसे अन्य वरिष्ठ नेता भाग ले रहे हैं।       

कुछ पार्टी नेताओं ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर कहा कि अगर भाजपा प्रस्तावित रथयात्रा नहीं निकाल पाती है तो इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच गलत संदेश जाएगा।    

राज्य के एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘हम अदालत के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। हमने दोपहर दो बजे पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है।’’       

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के अब यात्रा के लिए नहीं आने की खबरों पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।       

घोष ने इससे पहले आज कहा था कि उनकी पार्टी को न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है और उम्मीद है कि पार्टी शुक्रवार से रथयात्रा शुरू कर सकेगी।       

घोष और अन्य पार्टी नेताओं ने यहां मदन मोहन मंदिर में पूजा भी की।

 

भाषा
कूचबिहार (पश्चिम बंगाल)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment