दिग्गजों के जमावड़े के बीच रूपाणी ने मुख्यमंत्री, पटेल ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ

Last Updated 26 Dec 2017 10:49:11 AM IST

गुजरात के गांधीनगर में एक भव्य समारोह में विजय रूपाणी ने मुख्यमंत्री के रूप में और नितिन पटेल ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली.


रूपाणी ने मुख्यमंत्री, पटेल ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ

गुजरात में लगातार छठी बार सत्ता में आयी भाजपा की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में आज मुख्यमंत्री रूपाणी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और अन्य दिग्गज नेताओं और संत महंतों की मौजूदगी में वर्षों पुराने एक मिथक को तोड़ते हुए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

उन्होंने चार बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे मोदी के समय से ही दोपहर 12 बज कर 39 मिनट पर कथित विजय मुहूर्त में शपथ लेने की परंपरा, जिसका उन्होंने भी पिछली बार औरउनसे पहले मोदी की उत्तराधिकारी बनी आनंदीबेन पटेल ने भी अनुपालन किया था, को आज तोड़ दिया. उन्होंने अपरान्ह 11 बजकर 35 मिनट पर शपथ ली और उनके बाद उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल के अलावा कैबिनेट स्तर के 8 और राज्य स्तर के 10 मंत्रियों को भी राज्यपाल ओ पी कोहली ने गांधीनगर के सचिवालय मैदान पर पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी. वहां संतों महंतों के लिए भी एक अलग मंच बनाया गया था. मोदी और रूपाणी समेत अन्य नेताओं ने शपथ ग्रहण से पहले वहां जाकर संतों का अभिवादन किया और उनका आशीर्वाद ग्रहण किया. नये मंत्रिमंडल की पहली बैठक कल होगी.

मोदी और शाह के अलावा नीतीश कुमार, योगी आदित्यनाथ, वसुंधरा राजे सिंधिया, मनोहर पर्रिकर समेत भाजपा और राजग शासित 18 राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और राजनाथ सिंह, नीतिन गडकरी, रामविलास पासवान समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला, केशुभाई पटेल जैसे दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में यहां सचिवालय मैदान पर आयोजित इस समारोह में रूपाणी मंत्रिमंडल के गठन में जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन भी साधने का पूरा प्रयास किया गया.

आज शपथ लेने वाले मंत्रियों में उपमुख्यमंत्री समेत पांच कैबिनेट स्तर के और कुल मिलाकर छह मंत्री पाटीदार समुदाय के हैं. इसके अलावा कैबिनेट स्तर पर एक आदिवासी, एक दलित, एक ओबीसी और एक क्षत्रिय को शामिल किया गया है. दस राज्य मंत्रियों में एक पाटीदार, पांच ओबीसी, दो क्षत्रिय, एक आदिवासी और एक ब्राह्मण हैं. कुल मिलाकर केवल एक महिला को ही मंत्रिमंडल में जगह दी गयी है. मुख्यमंत्री रूपाणी स्वयं जैन समुदाय से आते हैं. मंत्रि परिषद में कुल मिलाकर छह पाटीदार, छह ओबीसी, तीन क्षत्रिय, एक ब्राह्मण, दो आदिवासी और एक दलित को जगह मिली है. क्षेत्रवार तीन कैबिनेट और इतने ही राज्य मंत्री सौराष्ट्र-कच्छ से हैं. दक्षिण गुजरात से दो कैबिनेट और तीन राज्य मंत्री हैं. उत्तर और मध्य गुजरात से उपमुख्यमंत्री को शामिल करते हुए क्रमश: चार और चार मंत्री कैबिनेट और राज्य स्तर के हैं.

इस बार सरकार में बतौर कैबिनेट और राज्य मंत्री चार-चार नये चेहरों यानी कुल आठ नये चेहरों को शामिल किया गया है. पिछली बार मंत्री रहे वल्लभ काकड़िया और राजेन्द्र त्रिवेदी को इस बार जगह नहीं मिली है पर अब भी मंत्रिपरिषद में 7 स्थान खाली होने से उनके अलावा वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी को भी मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान सरकार में शामिल करने की अटकलें लगायी जा रही हैं.

विजय रूपाणी कैबिनेट-

विजय रूपाणी (लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने, जैन, सौराष्ट्र की राजकोट पश्चिम सीट)

नितिन पटेल (उपमुख्यमंत्री, सरकार का सबसे बड़ा पाटीदार चेहरा, उत्तर गुजरात की महेसाणा सीट)

कैबिनेट मंत्री-

1 आर सी फलदू (नये मंत्री, पाटीदार, पूर्व भाजपा प्रदेश प्रमुख, सौराष्ट्र की जामनगर दक्षिण सीट)
2 भूपेन्द्र चूडासमा (पिछली बार भी मंत्री, क्षत्रिय, उ गुजरात की धोलका सीट)
3 कौशिक जे पटेल (नये मंत्री, पाटीदार, अमित शाह की सीट अहमदाबाद की नारायणपुरा से जीते, मोदी के करीबी, पहले चार बार दरियापुर सीट पर विधायक रहे)
4 सौरभ पटेल (नये मंत्री, पाटीदार, पहले भी रह चुके हैं मंत्री, अंबानी परिवार के रिश्तेदार, सौराष्ट्र की बोटाद सीट)
5 गणपत वसावा (पिछली बार भी मंत्री, आदिवासी, द गुजरात की मांगरोल सीट)
6 जयेश रादड़िया (पिछली बार भी मंत्री, पाटीदार, सिविल इंजीनयर, सौराष्ट्र की जेतपुर सीट, सबसे कम उम्र के कैबिनेट मंत्री, पोरबंदर सांसद विट्ठल रादड़िया के बेटे)
7 दिलीप ठाकोर (पिछली बार भी मंत्री, ओबीसी, उत्तर गुजरात की चाणस्मा सीट)
8 ईश्वर परमार (नये मंत्री, दलित, द गुजरात की बारडोलीसीट, कई बड़े दलित नेताओं की हार के कारण पहली बार में ही कैबिनेट स्तर के मंत्री बने)

राज्य मंत्री-

1 प्रदीप जाडेजा (पिछली बार भी मंत्री, क्षत्रिय, अहमदाबाद की वटवा सीट)
2 परबत पटेल (पिछली बार भी मंत्री, ओबीसी, उ गुजरात की थराद सीट)
3 परसोत्तम सोलंकी (पिछली बार भी मंत्री, ओबीसी, सौराष्ट्र की भावनगर ग्राम्य सीट जिस पर पिछली बार कांग्रेस नेता शक्तिसिह गोहिल को हराया था)
4 बच्चू खाबड़ (पिछली बार भी मंत्री, ओबीसी, मध्य गुजरात की देवगढ बारिया सीट)
5 जयद्रथसिंह परमार (पिछली सरकार में भी मंत्री, क्षत्रिय, म गुजरात की हालोल सीट)
6 ईश्वरसिंह पटेल (नये मंत्री, ओबीसी, दक्षिण गुजरात की अंकलेश्वर सीट)
7 वासण अहिर (नये मंत्री पिछली सरकार में संसदीय सचिव, ओबीसी, कच्छ की अंजार सीट)
8 विभावरी बेन दवे (नयी मंत्री, एक मात्र महिला, ब्राह्मण, पिछली बार संसदीय सचिव रहीं, सौराष्ट्र की भावनगर पूर्व सीट)
9 रमनलाल पाटकर (नये मंत्री, आदिवासी, द गुजरात की उमरगाम सीट)
10 किशोर कानाणी (नये मंत्री, पाटीदार, द गुजरात में सूरत की चर्चित वाराछा रोड सीट, हार्दिक पटेल की पूरी जोर आजमाइश और विरोध के बावजूद पाटीदार बहुल सीट पर 68 हजार से अधिक मतों से जीते).

समयलाइव डेस्क/वार्ता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment