सोनिया ने जेबी पटनायक के निधन पर शोक जताया
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री जेबी पटनायक के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा है कि उनका जीवन लोगों की सेवा में बीता.
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी |
सोनिया ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘ओडिशा के तीन बार मुख्यमंत्री, एक बार केंद्रीय मंत्री और राज्यपाल रहते हुए पटनायक का सार्वजनिक जीवन दशकों तक लोगों की सेवा के लिए रहा. वह आखिर तक कांग्रेस सदस्य रहे और उनकी कमी आने वाले कई वर्षों तक महसूस की जाएगी.’’
राहुल ने कहा कि पटनायक के जाने से उनको बहुत दुख पहुंचा है. उन्होंने कहा, ‘‘पटनायक कांग्रेस के दिग्गज नेता थे जिन्होंने तीन बार ओडिशा के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और बाद में राज्यपाल के तौर पर पूरे समर्पण के साथ लोगों की सेवा की. मैं उनके परिवार और प्रियजन के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं.’’
पटनायक का आज तड़के तिरूपति में निधन हो गया.
Tweet |