सूडान हिंसा में अमेरिकी डिप्लोमेट्स पर हमला, US विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने की निंदा...
सूडान पर नियंत्रण के लिए सेना और प्रतिद्वंद्वी बलों के बीच चौथे दिन भी लड़ाई जारी है। दोनों ही पक्ष घनी आबादी वाले क्षेत्रों में तोपों एवं अन्य भारी हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
![]() |
इस बीच, हिंसा समाप्त करने के लिए सूडान पर कूटनीतिक दबाव बढ़ रहा है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव, यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रमुख, अमेरिकी विदेश मंत्री, अरब लीग के प्रमुख और अफ्रीकी संघ आयोग के प्रमुख सहित शीर्ष नेताओं ने दोनों पक्षों से लड़ाई बंद करने का आहृवान किया है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने कहा कि वह अरब लीग, अफ्रीकी संघ और क्षेत्र के नेताओं के साथ बात कर रहे हैं तथा संघर्ष खत्म करने के लिए आग्रह कर रहे हैं। सुरक्षा परिषद सूडान संकट पर चर्चा करने वाली है।
अमेरिका के विदेश विभाग के प्रधान उपप्रवक्ता वेदांत पटेल ने बताया कि जापान में जी-7 की बैठक में हिस्सा ले रहे अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने बुरहान और दागलो से फोन पर बात की और तत्काल संघर्षविराम की जरूरत पर बल दिया।
मंगलवार को ब्लिंकन ने संवाददाताओं से कहा कि अंधाधुंध सैन्य अभियान से ‘‘नागरिकों, राजनयिकों एवं मानवीय सहायता कर्मियों की जान खतरे में पड़ गयी है। उन्होंने दीर्घकालिक सुलह के लिए 24 घंटे के संघर्षविराम का आह्वान किया। एक संयुक्त बयान में जी-7 के विदेश मंत्रियों ने सूडान में चल रहे संघर्ष की निंदा की। उन्होंने कहा, ‘‘ हम संबंधित पक्षों से बिना शर्त लड़ाई तत्काल बंद करने, बातचीत करने और तनाव घटाने की अपील करते हैं।’’
इस बीच अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने मंगलवार को कहा कि सूडान में अमेरिकी दूतावास का एक काफिला गोलीबारी की चपेट में आ गया। उन्होंने इसकी निंदा की।
ब्लिकंन ने बताया कि सोमवार को दूतावास के वाहनों के काफिले पर हमला किया गया और प्रारंभिक खबरों से हमलावरों के सूडान की सेना के अर्द्धसैन्य बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेज से जुड़े होने का पता चला है।
उन्होंने बताया कि काफिले में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं।
सूडान की सेना ने बताया कि यह हमला देश के अशांत दारफुर प्रांत में हुआ।
काफिले पर हमले के साथ ही पहले सहायता कर्मियों और यूरोपीय संघ के राजदूत के आवास पर हमले देश में अराजकता बढ़ने का संकेत है।
अफ्रीका के तीसरे सबसे बड़े देश पर नियंत्रण के लिए दो प्रतिद्वंद्वी जनरलों के बीच लड़ाई गत सप्ताहांत शुरू हुई थी। दोनों ही पक्ष घनी आबादी वाले क्षेत्रों में तोपों एवं अन्य भारी हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, लड़ाई छिड़ने के बाद से अब तक 185 लोग मारे जा चुके हैं तथा 1800 से अधिक घायल हुए हैं।
विदेश विभाग ने सोमवार देर रात बताया कि ब्लिंकन ने दोनों जनरलों से फोन पर अलग-अलग बात की है।
उन्होंने मंगलवार को जापान में सात अमीर देशों के समूह की बैठक में पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने फोन पर बहुत स्पष्ट कहा है कि हमारे राजनयिकों पर कोई हमला या खतरा पूरी तरह अस्वीकार्य है।’’
उन्होंने तत्काल 24 घंटे के संघर्ष विराम की अपील की।
| Tweet![]() |