Japan: पूर्व पीएम शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब, दी अश्रुपूर्ण विदाई

Last Updated 27 Sep 2022 01:48:15 PM IST

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई विश्व नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।


शिंजो आबे को दी आखिरी विदाई

जापान में मंगलवार को दिवंगत प्रधानमंत्री शिंजो आबे का राजकीय रीति से अंतिम संस्कार किया गया। जुलाई में एक चुनावी रैली में 67 वर्षीय राजनेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

इसके पहले आबे की पत्नी अकी काले रंग का ‘किमोनो’ (जापान की पारंपरिक पोशाक) पहने बुडोकान हॉल में वह कलश लेकर पहुंची, जिसमें उनके पति की अस्थियां थीं। कलश एक लकड़ी के बक्से में था जिस पर बैंगनी व सुनहरे रंग की धारियों वाला एक कपड़ा लिपटा था। सफेद पोशाक पहने रक्षा कर्मियों ने आबे की अस्थियों वाला कलश लिया और उसे सफेद व पीले फूलों से सजे एक आसन पर रख दिया।

इस दौरान अकी आबे के बाद प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा सहित सरकार, ससंद के कई प्रतिनिधियों ने संवेदना व्यक्त करते हुए भाषण दिए।

आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए टोक्यो पहुंचे मोदी ने यहां हाथ जोड़कर व पुष्पगुच्छ चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

 

अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस व कई विश्व नेताओं सहित 4,300 लोग कार्यक्रम में शमिल हुए। हैरिस तीसरी पंक्ति में जापान में अमेरिका के राजदूत राहम इमानुएल के साथ बैठीं नजर आईं।

गौरतलब है कि आबे (67) की आठ जुलाई को उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह दक्षिणी जापानी शहर नारा में चुनाव प्रचार के दौरान एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

टोक्यो के एक मंदिर में बेहद करीबी लोगों की मौजूदगी में जुलाई में आबे का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। आज उनका राजकीय अंतिम संस्कार कार्यक्रम रखा गया है, ताकि विश्व नेता व उनके समर्थक उन्हें श्रद्धांजलि दे पाएं।

इस कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम शुरू होने से कुछ घंटे पहले, पास के कई लोग फूलों के गुलदस्ते ले जाते भी नजर आए थे।

यह जापान में आयोजित होने वाला दूसरा राजकीय अंतिम संस्कार है। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री योशिदा शिगेरू का राजकीय रीति से अंतिम संस्कार किया गया था।

 

भाषा/आईएएनएस
टोक्यो


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment