भारत से युद्ध हुआ तो हार सकता है पाक

Last Updated 16 Sep 2019 01:22:44 AM IST

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक बार फिर भारत के साथ युद्ध की संभावना जताई है। उन्होंने कश्मीर मसले को लेकर परमाणु युद्ध होने के आसार भी जताए हैं।


पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान (file photo)

इमरान ने स्पष्ट रूप से स्वीकार किया कि पाकिस्तान भारत के साथ एक पारंपरिक युद्ध में हार सकता है और इस मामले में परिणाम भयावह हो सकते हैं।

अल जजीरा को दिए साक्षात्कार में इमरान ने कश्मीर पर भारत को परमाणु हमले की धमकी देने के बारे में एक सवाल पर कहा, कोई भ्रम नहीं है। मैंने जो कहा है, वह यह है कि पाकिस्तान कभी भी परमाणु युद्ध शुरू नहीं करेगा। मैं शांतिवादी हूं, मैं युद्ध विरोधी हूं। मेरा मानना है कि युद्ध से समस्याओं का समाधान नहीं होता। युद्ध के अनपेक्षित परिणाम होते हैं। वियतनाम, इराक के युद्ध को देखें, इन युद्धों से अन्य समस्याएं पैदा हुईं जो शायद उस कारण से ज्यादा गंभीर हैं जिसे लेकर ये युद्ध शुरू किए गए थे।

इमरान ने आगे कहा, मैं इस बात को लेकर स्पष्ट हूं कि जब दो परमाणु सशस्त्र देश एक पारंपरिक युद्ध लड़ते हैं, तो इसकी परिणीति परमाणु युद्ध में होने की पूरी संभावना है। ईश्वर न करें, अगर मैं कहूं कि पाकिस्तान पारंपरिक युद्ध में हार रहा हो और अगर एक देश दो विकल्पों के बीच फंस गया है, या तो आप आत्मसमर्पण करेंगे या अपनी स्वतंत्रता के लिए आखिरी सांस तक लड़ेंगे। मुझे पता है कि पाकिस्तान स्वतंत्रता के लिए अंतिम सांस तक लड़ेगा, जब एक परमाणु संपन्न देश अंतिम सांस तक लड़ता है तो परिणाम भयावह होते हैं।

इमरान ने कहा, यही कारण है कि हमने संयुक्त राष्ट्र से संपर्क किया है और हर अंतरराष्ट्रीय मंच से संपर्क कर रहे हैं कि उन्हें अब इस पर कदम उठाना चाहिए। क्योंकि यह (कश्मीर) एक संभावित आपदा है जो भारतीय उपमहाद्वीप से आगे जाएगी। कश्मीर के लिए भारत के विशेष दज्रे को निरस्त करने पर उन्होंने कहा कि ‘भारत ने कश्मीर पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत के साथ अब बातचीत की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कश्मीर मुद्दे का समाधान अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा नहीं किया जाता है तो यह वैश्विक व्यापार को प्रभावित कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता करने की पेशकश के बारे में पूछे जाने पर इमरान ने कहा, मैं राष्ट्रपति ट्रंप का शुक्रगुजार हूं, जो दुनिया में सबसे शक्तिशाली हैं।
 

आईएएनएस
इस्लामबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment