संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान पैनल में शामिल भारतीय

Last Updated 01 Nov 2014 06:32:47 PM IST

भारत के एक रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल को संयुक्त राष्ट्र प्रमुख बान की मून की ओर से नियुक्त 14 सदस्यीय एक उच्चस्तरीय पैनल में शामिल किया गया है.


संयुक्त राष्ट्र (फाइल)

यह पैनल विश्व निकाय के शांति अभियान ढांचे की वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं के आकलन के लिए बनाया गया है.
   
लेफ्टिनेंट जनरल अभिजीत गुहा वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान विभाग प्रौद्योगिकी पर विशेषज्ञों के फील्ड सपोर्ट विभाग के एक सदस्य हैं.
   
इससे पहले गुहा ने शांति अभियान रणनीतिक भागीदारी कार्यालय के पहले अंतरिम निदेशक के रूप में काम किया था. इससे भी पहले उन्होंने शांति अभियान विभाग के उप सैन्य सलाहकार के रूप में सेवा दी थी.
   
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान ने कहा कि शांति अभियानों पर नया ब्लू रिबन उच्चस्तरीय स्वतंत्र पैनल ‘व्यापक अनुभव और विशेषज्ञता वाले लोगों को एक मंच पर लाएगा’ और इसकी अध्यक्षता नोबेल पुरस्कार विजेता एवं तिमोर लेस्ते के पत्रकार जोस रैमोस-होर्ता करेंगे.
  
पैनल संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के वर्तमान स्तर और भविष्य की आवश्यकताओं का एक समग्र आकलन करेगा.
  
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि पैनल की सिफारिशें महासभा की ओर से 2015 की इसकी आम चर्चा में विचार के लिए उपलब्ध होंगी.



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment