मकसद

Last Updated 02 Dec 2019 12:04:40 AM IST

परिस्थितियों की अनुकूलता की प्रतिज्ञा करते-करते असल मकसद दूर पड़ा रह जाता है। हमें जीवन में जो कष्ट है, जो हमारा लक्ष्य है, उसे हम परिस्थिति के प्रपंच में पड़ कर विस्मृत कर रहे हैं।


श्रीराम शर्मा आचार्य

होना यह चाहिए था कि परिस्थितियों के तकाजों की उपेक्षा करके भी अपने जीवन के महत्तर मकसदों का स्मरण रखते। निरंतर सत्प्रयासों द्वारा उसको हासिल करने की दिशा में चेष्टारत होते। पर नहीं। मैं पूछता हूं; यदि आपके पास कीमती फाउंटेन पेन नहीं है, बढ़िया कागज और फर्नीचर नहीं है, तो क्या आप कुछ न लिखेंगे? यदि उत्तम वस्त्र नहीं हैं तो क्या उन्नति नहीं करेंगे?
यदि घर में बच्चों ने चीजें अस्त-व्यस्त कर दी हैं या झाडू नहीं लगा है, तो क्या आप क्रोध में अपनी शक्तियों का अपव्यय करेंगे? यदि आपकी पत्नी के पास उत्तम आभूषण नहीं हैं तो क्या वे असुंदर कहलायेंगी या घरेलू शांति भंग करेंगी? यदि आपके घर के इर्द-गिर्द शोर होता है, तो क्या आप कुछ भी न करेंगे? यदि सब्जी, भोजन, दूध इत्यादि ऊंचे स्टैन्र्डड का नहीं बना है, तो क्या आप बच्चों की तरह आवेश में भर जायेंगे? नहीं। आपको ऐसा कदापि न करना चाहिए। परिस्थितियां मनुष्य के अपने हाथ की बात है। मन के सामथ्र्य एवं आंतरिक स्वावलम्बन द्वारा हम उन्हें विनिर्मिंत करने वाले हैं। हम जैसा चाहें जब चाहें सदैव कर सकते हैं।

कोई भी अड़चन हमारे मार्ग में नहीं आ सकती। मन की आंतरिक सामथ्र्य के सम्मुख प्रतिकूलता बाधक नहीं हो सकती। सदा जीतने वाला पुरु षार्थी वह है जो सामथ्र्य के अनुसार परिस्थितियों को बदलता है। किंतु यदि वे बदलती नहीं तो स्वयं अपने आपको उन्हीं के अनुसार बदल लेता है। कठिन से कठिन परिस्थितियों में उसकी मन: शांति और दिमागी संतुलन स्थिर रहता है। विषम परिस्थितियों के साथ वह अपने आपको समायोजित करता चलता है।
निराश न होइए यदि आपके पास बढ़िया मकान, उत्तम वस्त्र, टीपटाप, ऐर्य इत्यादि वस्तुएं नहीं हैं। इनका अभाव बना हुआ है। आपको विश्वास करना चाहिए कि ये आपकी उन्नति में बाधक नहीं हैं। उन्नति की मूल वस्तु-महत्त्वाकांक्षा है। न जाने मन के किस अतल गह्वर में यह अमूल्य सम्पदा लिपटी पड़ी हो किंतु आप गह्वर में हैं अवश्य। आत्म-परीक्षा कीजिये और इसे खोजकर निकालिये। प्रतिकूल परिस्थितियों से परेशान न होकर उनके अनुकूल बनिये और फिर धीरे-धीरे उन्हें बदल डालिये।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment