B'day: अभिनेत्री नहीं बनना चाहती थीं परिणीति

Birthday Special: अभिनेत्री नहीं बनना चाहती थीं परिणीति चोपड़ा

बॉलीवुड की जानी मानी अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा आज 31 साल की हो गयीं। परिणीति चोपड़ा का जन्म 22 अक्टूबर 1988 को हरियाणा के अंबाला में हुआ। परिणीति चोपड़ा, प्रियंका चोपड़ा की चचेरी बहन हैं। वह बैंक निवेशकर्ता बनना चाहती थीं लेकिन मैनचेस्टर बिजनेस स्कूल से व्यापार, वित्त और अर्थशास्त्र में स्नातक करने के बाद वह 2009 की आर्थिक मंदी के दौरान वापस भारत लौट आईं। परिणीति चोपड़ा इसके बाद जनसंपर्क सलाहकार के तौर पर यशराज फिल्म्स से जुड़ गईं। बाद में परिणीति ने अभिनेत्री के तौर पर यशराज फिल्म्स के साथ तीन फिल्मों का अनुबंध साइन किया। परिणीति ने अपने करियर की शुरुआत साल 2011 में रिलीज फिल्म लेडीज वर्सेज रिकी बहल से की। इस फिल्म में परिणीति ने एक छोटी सी भूमिका निभायी थी। इस फिल्म के लिये वह सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित भी की गयी थी। साल 2012 में परिणीति को यशराज बैनर तले बनी फिल्म इश्कजादे में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में उनके अपोजिट अर्जुन कपूर थे जो बतौर अभिनेता उनकी पहली फिल्म थी। फिल्म इश्कजादे में परिणीति और अर्जुन की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। इश्कजादे बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुयी। इस फिल्म के लिये परिणीति को स्पेशल मेंशन राष्ट्रीय पुरस्कार भी दिया गया।

 
 
Don't Miss