BJP दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी

 BJP बनी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी, चीन की कम्युनिस्ट पार्टी को पछाड़ा

भारतीय जनता पार्टी ने भी एक विश्व कीर्तिमान बना दिया. 8.8 करोड़ सदस्यों के साथ भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई. सदस्यों की संख्या के आधार पर इसने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी को पीछे छोड़ दिया. चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के 8.6 करोड़ सदस्य के मुकाबले भाजपा ने अब तक 8.8 करोड़ सदस्य बनाए हैं. पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अमित शाह ने सदस्यों की संख्या बढ़ाने के लिए अभियान चलाने का फैसला किया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नवंबर, 2014 को नई दिल्ली में सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया. उसी वक्त शाह ने यह घोषणा की थी कि वे भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाना चाहते हैं. इसके लिए 10 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया था. इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पार्टी का सदस्यता अभियान अभी भी जारी है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, एक अप्रैल के बाद भी सदस्यता अभियान जारी रहेगा. इसके जरिये भाजपा 10 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य हासिल करने का प्रयास करेगी. गौरतलब है कि इस समय चीन में भी कम्युनिस्ट पार्टी का सदस्यता अभियान चल रहा है, लेकिन भाजपा ने उसे फिलहाल पीछे छोड़ दिया है.

 
 
Don't Miss