बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में आज सवारी गाड़ी और मोटरसाइकिल की टक्कर की दो घटनाओं में एक की मौत हो गयी जबकि माध्यमिक की परीक्षा देने जा रहे चार परीक्षार्थी घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बक्सर जिले के डुमराव अनुमंडल अंतर्गत कांव नदी पुल पर एक सवारी गाडी द्वारा एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार देने से मोटरसाइकिल पर सवार राहुल कुमार नामक एक युवक की मौत हो गयी जबकि उसकी बहन पूजा कुमारी और भांजी मीना कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गयीं। सूत्रों ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब राहुल के साथ उक्त मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी बहन और भांजी जो कि डुमरावं स्थित महेश बालिका उच्च विद्यालय में मैट्रिक की परीक्षा देने जा रहीं थीं। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 84 पर एक सवारी गाडी द्वारा एक मोटरसाईकिल को आज धक्का मार देने से उसपर सवार दो मैट्रिक के परीक्षार्थी मनोज कुमार सिंह और अनुज कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इन दोनों दुर्घटनओं में घायल छात्र-छात्राओं को इलाज के लिए स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।