लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में आज सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ मे दर्जनों हत्या एवं लूट की घटनाओं मे वांछित तीन इनामी बदमाश मारे गये और पांच पुलिस कर्मी घायल हो गये। बरेली के एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि शहर के सुभाष नगर के गनेशपुर क्षेत्र मे तीन बदमाशो की जानकारी मिलने पर जब पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशो ने गोलियां चलानी शुरु कर दी। मुठभेड़ मे पुलिस ने महेश खाटी राकेश उर्फ पतरा तथा सुरेश दलाल को मार गिराया। सिंह ने बताया कि स्पेशल आपरेशन गुप (एसओजी) टीम के वरिष्ठ पुलिस उपनिरीक्षक विवेक शर्मा पिछले कुछ दिनो से इन बदमाशो की गतिविधियो पर नजर रखे हुए थे और कल एसओजी टीम को इन बदमाशो के शहर मे होने की जानकारी लगी थी। पुलिस ने बताया कि मारे गये बदमाश महेश पर पांच हजार का इनाम घोषित था जबकि राकेश पर ढाई हजार का इनाम था। इन दोनो पर क्रमश: 32 तथा 16 हत्याओ और लूट के मामले दर्ज थे जबकि तीसरे मारे गये अपराधी पर 22 मामले दर्ज हैं।