सोनीपत। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने हरियाणा में भी आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है और इसी के साथ ही सोनीपत लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा भी कर दी है। राकांपा की राज्य ईकाई के अध्यक्ष वेद पाल सिंह ने गन्नौर कस्बे में आज संवाददाताओं को बताया कि पार्टी सोनीपत में रोहट से मौजूदा विधायक सुखबीर सिंह फरमाना को सोनीपत सीट से उम्मीदवार बनाएगी। पार्टी के अन्य उम्मीदवारों के नामों की घोषणा बाद में की जाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने तथा आम चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों की सफलता के लिए काम करने को कहा।
बहुजन समाज पार्टी की हरियाणा ईकाई पहले ही सोनीपत सीट पर देवराज दीवान को मैदान में उतार चुकी है जो सोनीपत से पूर्व विधायक रहे हैं। भाजपा ने सोनीपत सीट से मौजूदा सांसद किशन सिंह सांगवान के नाम की सिफारिश की है। सांगवान सोनीपत लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रह चुके हैं।