
|
नयी दिल्ली। चोट के कारण तीन हफ्ते तक कोर्ट से बाहर रहने के बाद वापसी करने वाली भारत की बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल योनेक्स आल इंग्लैंड ओपन सुपर सीरीज में बुधवार को अपने अभियान की शुरूआत पुरानी प्रतिद्वंद्वी फ्रांस की होंज्ञान पी के खिलाफ करेगी।
कंधे में चोट के कारण दुनिया की 10वें नंबर की खिलाड़ी साइना ने पिछले महीने राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया था और कोच पुलेला गोपीचंद का मानना है कि हालांकि यह स्टार खिलाड़ी फिट है लेकिन वह थोड़ी चिंतित हो सकती है क्योंकि चोट के बाद यह उनका पहला टूर्नामेंट है।
गोपीचंद ने कहा मुझे नहीं लगता कि चोट का उनके प्रदर्शन पर कोई असर पड़ेगा लेकिन हां क्योंकि चोट के बाद यह उनका पहला टूर्नामेंट है इसलिए शुरूआती लम्हों में वह थोड़ी चिंतित हो सकती है।
पूर्व आल इंग्लैंड चैम्पियन ने कहा कि पहला मुकाबला कड़ा है।
उन्होंने कहा होंज्ञान के खिलाफ पहला मैच कड़ा होगा। साइना ने हालांकि अतीत में उसे हराया है लेकिन फिलहाल फ्रांसीसी खिलाड़ी अच्छी फार्म में चल रही है। अगर साइना उसे हरा दे तो उसके लिए सब कुछ अच्छा हो सकता है।
जांघ की चोट के कारण राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में नहीं खेलने वाले दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी चेतन आनंद बुधवार को पहले दौर के मुकाबले में इंग्लैंड के एंड्रयू स्मिथ का सामना करेंगे।
टूर्नामेंट में चुनौती पेश कर रहे अन्य भारतीयों में अनूप श्रीधर का सामना मलेशिया के बेंग होंग कुआन से होगा जबकि आनंद पवार पुरुष एकल के पहले दौर में कल इंग्लैंड के कार्ल बैक्स्टर से भिड़ेंगे।
ज्वाला गुट्टा और श्रुति कुरियर की भारतीय युगल जोड़ी बुधवार को पहले दौर में चियू ह्वी हाउ और पेक सिया लिम की मलेशियाई जोड़ी की चुनौती का सामना करेगी।