सिडनी। दक्षिण आस्ट्रेलिया के तस्मानिया राज्य में एक समुद्र तट के आसपास करीब 200 व्हेल और अनेक डाल्फिन फंसी हुई हैं। पिछले कुछ दिनों में व्हेल और डाल्फिन के समुद्र तटों पर आकर फंसने के और भी मामले हो चुके हैं।
बचावकर्ता बीच पर आयी करीब 194 व्हेल और आधा दर्जन डाल्फिनों को बचाने के लिए आज तस्मानिया के किंग द्वीप में नाराकोप्पा समुद्र तट की ओर रवाना हो गये। ये व्हेल और डाल्फिन कल शाम समुद्र से तट की ओर आ गयीं थीं।
तस्मानिया के पार्क और वन्यजीव सेवा के क्रिस आर्थर ने कहा कि कुछ व्हेल आज सुबह तक मर चुकी थीं।
उन्होंने कहा जब तक वे जीवित हैं उम्मीद बनी हुई हैं।
यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये व्हेल और डाल्फिन तस्मानिया और आस्ट्रेलिया के बीच द्वीप पर समुद्रतट की ओर किस तरह पहुंच गयीं। तस्मानिया के स्थानीय अखबार ने इस संबंध में खबर दी है।
जनवरी में भी 45 स्पर्म व्हेल तस्मानिया के सुदूरवर्ती बीच पर फंस गयी थीं।