पटना। लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान को उस समय करारा झटका लगा जब उनकी पार्टी के उपाध्यक्ष रंजन प्रसाद यादव आज जद यू में शामिल हो गए।
लोजपा से संबंध तोड़ने के बाद रंजन यादव यहां एक कार्यक्रम में जदयू में शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जद यू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव भी वहां मौजूद थे।
रंजन ने दावा किया कि उनके साथ उनके सैकड़ों समर्थक भी जद यू में शामिल हुए हैं।
रंजन को पासवान का करीबी माना जाता था। उन्होंने राजद के साथ गठबंधन के प्रति पासवान के झुकाव पर नाराजगी जताते हुए लोजपा छोड़ने का संकेत दिया था।
रंजन ने राजद अध्यक्ष और रेल मंत्री लालू प्रसाद से मतभेद के कारण काफी समय पहले राजद से अपना नाता तोड़ लिया था।
रंजन खुद को लालू के विकल्प के तौर पर यादवों के नेता के रूप में पेश करने की कोशिश में हैं। उनका पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र से राजद के खिलाफ लड़ने की संभावना है।