
|
कराची। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियादाद ने पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर और वेस्टइंडीज के विवियन रिचर्ड्स को अपना सर्वकालिक पसंदीदा खिलाड़ी बताया।
मियादाद को आईसीसी के हाल आफ फेम में शामिल किया गया जिसमें 55 खिलाड़ी मौजूद हैं। उन्होंने आईसीसी के हाल आफ फेम की कैप लेते हुए कहा मैं कई खिलाड़ियों को पसंद करता हूं लेकिन मुझे विवियन और गावस्कर को खेलते हुए देखना अच्छा लगता था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष एजाज बट से मतभेदों के बाद मियादाद ने क्रिकेट महानिदेशक के पद से इस्तीफा दे दिया। गद्दाफी स्टेडियम में कार्यक्रम में मौजूद मियादाद ने भारत के खिलाफ शारजाह की पारी को अपनी जिंदगी की सर्वश्रेष्ठ पारी करार दिया जिसमें उन्होंने अंतिम गेंद पर छक्का जड़कर टीम को जीत दिलायी थी।
पाकिस्तान के लिये 124 टेस्ट और 238 वनडे खेल चुके मियादाद ने कहा उस पारी ने हममें से ज्यादातर में उत्साह भर दिया था। इसके बाद हम आत्मविश्वास से भर गये और हमने लगातार मैच जीतना शुरू कर दिया। अपने देश के लिये खेलना मेरे लिये बड़े सम्मान की बात है।
कार्यक्रम में बट से कैप स्वीकारते हुए हनीफ मोहम्मद ने कहा कि 55 खिलाड़ियों के साथ हाल आफ फेम में नामांकित होने से वह गौरवान्वित हैं।
पाकिस्तान की तरफ से 55 टेस्ट मैचों में 3915 रन बनाने वाले हनीफ ने कहा मैं गर्व महसूस कर रहा हूं। मुझे लगता है कि यह सम्मान है क्योंकि मैंने हाल आफ फेम में शामिल कुछ खिलाड़ियों के खिलाफ मैच खेले हैं और वे सचमुच महान हैं। सर गैरी साबर्स मेरे सर्वकालिक पसंदीदा खिलाड़ी हैं।
हालांकि पाकिस्तान के सबसे सफल कप्तान इमरान खान श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के चाय ब्रेक के दौरान आयोजित हुए कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे।
बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा वह राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के कारण इस कार्यक्रम में शिरकत नहीं कर पाये।