मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में वृन्दावन में शिवभक्तों द्वारा पूजा अर्चना के बाद यमुना में फेंक दी गई मामूली डलिया हासिल करने के प्रयास में दो मासूम बच्चे डूब कर मर गए। पुलिस के अनुसार यमुना पर बने पंटून (पीपों का) पुल के समीप कुछ शिव भक्तों ने शिवचौदस पर भगवान को जल चढ़ाने के बाद पूजा अर्चना कर बांस की खपच्चियों से बनी डलियां फेंक दी थी। पानी में बहती इन डलियों को हासिल करने के लिए करीब एक दर्जन बच्चे यमुना में उतर गए। उनमें से दो भूरा (9) और विपिन (12) लालच में गहरे पानी में उतरते गए और डूब गए। बच्चों की पुकार पर कुछ नाविकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया किन्तु तब तक उनके प्राण निकल चुके थे।