
|
नयी दिल्ली। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन ‘संप्रग' के प्रमुख घटक राष्ट्रीय जनता दल ‘राजद' के प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि गठबंधन के सभी घटकों को आपसी मतभेद भुला कर आगामी लोकसभा चुनाव मिल कर लड़ना चाहिए। साथ ही उन्होंने संप्रग से समर्थन वापस ले चुके वाम दलों को स्वाभाविक सहयोगी बताते हुए भविष्य में उनके फिर साथ आने की संभावना से भी इंकार नहीं किया।
बिहार में राम विलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी से सीटों के तालमेल को लेकर चल रहे प्रयासों की प्रगति के बारे में उन्होंने कहा मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि बातचीत चल रही हैं।
रेल मंत्री एक समारोह में भाग लेने शुक्रवार को पासवान के निवास पर गए थे जिससे दोनों दलों के बीच गठबंधन को अंतिम रूप दिए जाने के कयासों को बल मिला था।
आगामी चुनाव में उन्होंने वर्तमान सांसद पप्पू यादव को टिकट देने की संभावना से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा जब तक अदालत उनकी सजा पर स्थगन नहीं देती वह चुनाव कैसे लड़ सकते हैं।
लालू ने यह उम्मीद भी जताई कि संप्रग से समर्थन वापस ले चुके वाम दल भविष्य में फिर साथ आ सकते हैं। उन्होंने कहा परमाणु करार को लेकर विचारों में मतभेद हैं लेकिन वे हमारे स्वाभाविक सहयोगी हैं। वे हमारे स्थायी मित्र हैं और रहेंगे। हम साथ मिल कर चुनाव भी लड़ सकते हैं।