
|
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा केवल सात वर्ष की उम्र में उत्तीर्ण करने वाली सुषमा वर्मा का नाम आज लिम्का बुक आफ रिकार्ड दर्ज कर लिया गया।
कालेज सूत्रों ने बताया कि सुषमा ने सात वर्ष तीन महीने और 28 दिन की उम्र में सेंट मिराज इंटर कालेज कानपुर रोड लखनऊ से सबसे कम उम्र में हाईस्कूल की परीक्षा को पास कर एक नया कीर्तिमान बनाया।
कालेज के प्रबंधक विनोद कुमार ने बताया कि कालेज ने सबसे कम उम्र में हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली सुषमा वर्मा का नाम लिम्का बुक आफ रिकार्ड में दर्ज कराने की अनुशंसा की थी। कल सुषमा को लिम्का ने सबसे कम उम्र में हाईस्कूल उत्तीर्ण करने वाली छात्रा के रुप में नाम दर्ज करने का प्रमाण पत्र दे दिया।
सुषमा ने बिहार के छात्र तथागत तुलसी के नौ वर्ष की उम्र में हाईस्कूल उत्तीर्ण करने का रिकार्ड तोड़ा है। तथागत का नाम गिनीज बुक में दर्ज है।
कालेज सूत्रों ने बताया कि सुषमा जब मात्र छह वर्ष की थी तभी उसने हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा का फार्म भर दिया था।
लिम्का बुक आफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराने वाली सुषमा ने प्रारम्भिक शिक्षा घर पर ही ली और दो वर्ष पूर्व उसने सेंट मिराज इण्टर कालेज में नवी कक्षा में अपना दाखिला कराया था। सुषमा की विलक्षणता को देखते हुए शिक्षा परिषद ने उसे हाईस्कूल की परीक्षा में निर्धारित उम्र से पहले बैठने की विशेष अनुमति प्रदान की।
सुषमा को न केवल देश ही में सराहा गया बल्कि जापान के तोक्यो ब्राडकास्टिंग संस्था ने भी उसे विलक्षण प्रतिभा के बच्चों की श्रेणी में रखकर सम्मानित किया है।
निर्धन परिवार में जन्मी सुषमा का बड़ा भाई शैलेन्द्र भी अद्भुत प्रतिभावान है और उसने 14 वर्ष की उम्र लखनऊ विश्वविद्यालय से बीसीए का कोर्स पास कर लिया है।
इस बीच सुषमा ने अपनी सफलता के पीछे कालेज के अध्यापकों और माता पिता का आशीर्वाद बताया है और उसने कहा कि मेरी लिखावट अत्यन्त खराब थी जिसे कालेज अध्यापकों ने विशेष कोचिंग देकर ठीक कराया। इसके लिए उसने कालेज के प्रति आभार जताया।