कराची। हरफनमौला तिलन समरवीरा ने कहा कि श्रीलंकाई टीम पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के बाद कप्तानी छोड़ने जा रहे महेला जयवर्धने को शानदार विदाई देगी।
समरवीरा ने टीम के अभ्यास सत्र के बाद पत्रकारों से कहा हम महेला को कप्तान के तौर पर यादगार विदाई देंगे। हर कोई बतौर कप्तान उसके रिकार्ड को जानता है लिहाजा वह बेहतरीन विदाई का हकदार है।
भारत के हाथों एक दिवसीय श्रृंखला 4-। से हारने के बाद जयवर्धने ने पाकिस्तान दौरा खत्म होने पर कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था। पिछली 17 वनडे पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक जड़ सके जयवर्धने ने कहा था कि वह कप्तानी छोड़ देंगे ताकि 2011 विश्व कप की टीम तैयार की जा सके।
श्रीलंकाई टीम पहुंची जिसे कल से संरक्षक एकादश के खिलाफ दो दिवसीय अभ्यास मैच खेलना है। मेजबान टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी होंगे। पहला टेस्ट 21 फरवरी से और दूसरा एक मार्च से खेला जायेगा।