
|
गंगटोक। इस वर्ष होने वाले इस राज्य के विधानसभा चुनावों में सिक्किम के मुख्यमंत्री पवन कुमार चेमलिंग के नेतृत्व वाले सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट ‘एसडीएफ' का मिलकर मुकाबला करने के लिये कांग्रेस और भाजपा ने गठबंधन किया है।
कांगेस और भाजपा सहित विपक्षी दलों ने आज एक गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंर्टं ‘यूडीएफ' गठित किया ताकि प्रदेश विधानसभा की सभी 32 सीटों पर एक मोर्चे से उम्मीदवार खड़े किये जा सकें।
पूर्व मुख्यमंत्री और सिक्किम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नर बहादुर भंडारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हरेराम प्रधान सिक्किम हिमाली राज्य परिषद पार्टी के अध्यक्ष एडी सुब्बा सिक्किम गोरखा प्रजातांत्रिक पार्टी के नेता एन बी. खातिवाडा और माकपा की राज्य समिति के सदस्य अंजन उपाध्याय जैसे विपक्ष के नेताओं के बीच हुई एक बैठक के बाद यूडीएफ के गठन का फैसला किया गया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री के. एन उप्रेती को यूडीएफ का मुख्य संयोजक नियुक्त किया गया है।
उप्रेती ने कहा कि विधानसभा चुनावों में यूडीएफ और एसडीएफ का सीधा मुकाबला होगा।
गत 15 वर्ष के एसडीएफ के शासनकाल में लोगों के मूल अधिकार का हनन होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने जनता से नये मोर्चे के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
परिवर्तन लाने का अनुरोध करते हुए उप्रेती ने अन्य विपक्षी दलों से भी मोर्चे में शामिल होने का अनुरोध किया ताकि सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ मतविभाजन रोका जा सके।
उन्होंने कहा समान विचारधारा वाले दलों के लिये यूडीएफ के दरवाजे खुले हैं।