
|
गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी भाजपा के वरिष्ट नेता व भाजपा द्वारा घोषित प्रतीक्षारत प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लाल कृष्ण आडवाणी ने स्थानीय महाराजा प्रताप इंटर कालेज के विशाल मैदान में आयोजित रैली में जय श्रीराम के नारे के बीच कहा कि कहा कि अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण का मुद्दा अभी भी पार्टी के राजनीतिक एजेन्डा में शामिल है। जय श्रीराम तब होगा जब अयोध्या में राम मंदिर बन जायेगा।
उन्होने कहा कि राम मंदिर आन्दोलन ने देश की राजनैतिक दिशा बदल दी और इसी आंदोलन ने भाजपा को देश की सबसे बडी पार्टी बनाया। उन्होंने मुंबई पर हुए आतंकवादी हमलों के सिलसिले में पाकिस्तान की जांच पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि जब तक इस मामले में उसकी खुफिया एजेन्सी आईएसआई की भूमिका को जांच के दायरे में नहीं लाया जाता तब तक उसके दावे पर कोई भरोसा नहीं किया जा सकता।
आडवाणी ने यहां एक रैली में आतंकवाद से निपटने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने हाल ही में मुम्बई पर हुए आतंकी हमले के सिलसिले में कुछ लोगो को गिरफ्तार किये जाने के पाकिस्तान सरकार के दावे की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया।
उन्होने सवाल किया कि पाकिस्तान ने जो जांच की उसमें क्या आईएसआई. की भूमिका की भी जांच की गयी। जब तक आईएसआई की भूमिका की जांच नही होती तब तक पाकिस्तान सरकार के किसी दावे पर भरोसा नही किया जा सकता।
पाकिस्तान की इस मांग पर कि मुम्बई आतंकी हमले में पकडे गये अजमल कसाब के विरूद्व पाकिस्तान में मुकदमा चलायेगे आडवाणी ने कहा कि मुकदमा तो हिन्दुस्तान में ही चलना चाहिए।
उन्होने कहा कि पाकिस्तान जब तक 1993 में मुम्बई में हुए श्रृखंलाबद्व विस्फोटो के मास्टर माइण्ड दाउद इब्राहिम को भारत को सौप नही देता तब तक उसके साथ सीधे संपर्क का कोई मतलब नही।
आडवाणी ने संसद पर हुए आतंकवादी हमले के आरोपी अफजल गुरू को फांसी दिये जाने में हुए विलम्ब का कारण कांग्रेस नीत संप्रग सरकार की वोट बैंक की राजनीति बताया और कहा कि भाजपा वोट बैंक की राजनीति को बर्दाश्त नही करेगी।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार को केन्द्र में अब तक की सबसे कमजोर सरकार बताते हुए आडवाणी ने कहा कि कांग्रेस का हाथ आम आदमी के साथ नारा देकर सत्ता में आयी इस सरकार के साढे चार साल के कामकाज में आम आदमी के जीवन के लिए जरूरी रोटी .दाल और सब्जियों तक की कीमत में बेतहाशा बढोत्तरी हुई है। अब अगर लोगो को मंहगाई की मार भूलने लगी है तो इसका कारण है कि अब मंदी की मार से बेरोजगारी हावी हो गयी है।
उन्होने हर हाथ को काम और खेत को पानी को देश की उन्नति का मंत्र बताते हुए कहा कि विगत कुछ वर्षो में देश के विभिन्न भागो में जितने किसानो ने आत्महत्या की है उतनी दुनिया में कही नही हुई। उन्होने कहा कि जिन राज्यो में किसानो ने आत्म हत्या की है। वे कांग्रेस शासित राज्य है मगर मध्य प्रदेश बिहार गुजरात छत्तीसगढ़ उत्तराचंल हिमाचल प्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यो में ऐसी घटनाए नही होने पायीं। आडवाणी ने भाजपा पर लगने वाले अल्पसंख्यक विरोधी आरोपो को ख़ारिज करते हुए कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरूद्व भाजपा विरोधियो ने देश-विदेश में जहर उगला लेकिन असलियत यह है कि वहां के मुसलमानो की प्रति व्यक्ति आय देश के किसी भी राज्य से अधिक है।
उन्होंने सत्ता में आने पर राजग सरकार की प्राथमिकताएं दोहराते हुए कहा कि आतंकवाद भष्टाचार और किसानों की उपेक्षा समाप्त की जाएगी। सर्व शिक्षा अभियान के दायरे को बढ़ाने गांव तक हर युवक को इन्टरनेट की शिक्षा देने और रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने और गांव में ही काम दिलाने की व्यवस्था की जायेगी।
सत्ता में आने पर 21वीं सदी को भारत वर्ष की सदी बना देने का वादा करते हुए आडवाणी ने लोगों से आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को विजयी बनाने की अपील की और कहा कि भाजपा जीतेगी तो भारत जीतेगा तब सही अर्थो में होगी भारत माता की जर्र्य।
भाजपा महासचिव अरुण जेटली ने रैली में कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री में कठोर निर्णय लेने की क्षमता नही है जबकि हमारे पास आडवाणी जैसा नेतृत्व है जो कठोर निर्णय की क्षमता और देश को सुशासन देने की भरपूर योज्ञता रखता है। गोरखपुर के सांसद योगी आदित्यनाथ ने देश में परिवर्तन के लिये उत्तर प्रदेश को अपनी केन्द्रीय भूमिका का निवर्हन करना है।