
|
वड़ोदरा। गुजरात के तीन दिवसीय दौरे पर गये कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने यहां से करीब 110 किलोमीटर दूर केवड़िया में सरदार सरोवर बांध की प्रगति का जायजा लिया।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि बांध का दौरा राहुल के यात्रा कार्यक्रम में अंतिम समय में शामिल किया गया था और 20 मिनट के तय किये गये समय के बावजूद राहुल ने यहां एक घंटा बिताया।
राहुल के साथ रहे एसएसएनएल के अधिकारियों ने बताया कि राहुल गांधी को 121.92 मीटर की उंचाई पर स्थित बांध के शीर्ष पर ले जाया गया और वह इससे प्रभावित दिखे।
अधिकारियों ने कहा कि राहुल ने परियोजना के महत्व को समझा।
अधिकारियों ने उन्हें बताया कि बांध के इस उंचाई पर पहुंचने के बाद अकेले गुजरात में ही कृषि उत्पादन पिछले कुछ साल में नौ हजार करोड़ रुपये से 48 हजार करोड़ रुपये हो गया है।
अधिकारियों का कहना था कि यदि बांध को इसकी संपूर्ण उंचाई 138.62 मीटर तक पहुंचा दिया जाये तो कृषि उत्पादन डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक का हो जायेगा।
राहुल को यह भी बताया गया कि 1996 में बांध के काम में अवरोध आया था। राहुल गांधी को एक चित्र भेंट किया गया जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को 1961 में परियोजना का शिलान्यास करते हुए दिखाया गया है। उन्हें उस स्थान पर भी ले जाया गया जहां से उनके पिता राजीव गांधी ने 1987 में पौधारोपण अभियान की शुरूआत की थी।