लखनउ। मुरादाबाद लोकसभा सीट से बागी समाजवादी पार्टी सांसद शफीकुर्र रहमान वर्क और रामपुर से पूर्व कांग्रेस विधायक अफरोज अली आज अपने साथियों के साथ बहुजन समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये और बसपा ने वर्क को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सम्भल लोकसभा सीट से पार्टी का प्रत्याशी भी घोषित कर दिया।
कल्याण सिंह की समाजवादी पार्टी से हुई निकटता और उनके बेटे राजवीर सिह के सपा में शामिल होने के बाद से ही बगावत का बिगुल फूंक रहे सपा सांसद वर्क ने बताया कि उनकी मायावती से आज लगभग एक घंटे बातचीत हुई और उसके बाद उन्होंने सपा छोड़कर बसपा मे शामिल होने का निर्णय ले लिया।
उन्होंने कहा कि वह समाजवादी पार्टी की बुनियाद रखे जाने के वक्त से ही मुलायम सिह यादव के साथ जुड़े रहे मगर बाबरी मस्जिद के कातिल कल्याण सिंह के बेटे को सपा में शामिल करने और उनसे दोस्ती से न केवल वह बुरी तरह आहत हुए बल्कि प्रदेश का पूरा मुस्लिम समाज हक्का-बक्का रह गया।