
|
वाशिंगटन। अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि रिचर्ड होलब्रूक जहां पाकिस्तानी दौरे पर हैं वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनके पाकिस्तानी समकक्ष आसिफ अली जरदारी फोन पर रचनात्मक बातचीत कर मजबूत संबंध बनाये रखने को लेकर सहमत हुए हैं।
व्हाइट हाउस के अनुसार राष्ट्रपति ओबामा ने पाकिस्तानी लोकतंत्र के प्रति अपना समर्थन जताया है और पाकिस्तान के साथ मजबूत भागीदारी को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है।
व्हाइट हाउस ने कहा कि ओबामा की उनके पाकिस्तानी समकक्ष के साथ रचनात्मक बातचीत हुई।
एक वक्तव्य में कल कहा गया राजदूत होलबूक के अभियान के साथ ही दोनों नेता पाकिस्तान तथा क्षेत्र में शांति और खुशहाली के लिये एक साथ काम करने को लेकर राजी हुए है।
वक्तव्य के अनुसार दोनों नेता आतंकवाद के विरोध और आर्थिक विकास जैसे साझा हितों वाले मुद्दों पर ध्यान देने के लिये मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को बनाये रखने की महत्ता पर राजी हुए।
ओबामा के गत 20 जनवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली बातचीत थी।
इससे पहले पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा कि ओबामा और जरदारी सम्रग रणनीति के जरिये क्षेत्र के समक्ष मौजूद समस्याओं के हल के लिये सक्रिय बातचीत शुरू करने को लेकर राजी हुए हैं।